प्रोपर्टी कारोबारी ने लगाया 30.50 लाख की धोखाधड़ी का आरोप
महिला और अन्य पर फ्रॉड का केस दर्ज
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),प्रोपर्टी कारोबारी ने लगाया 30.50लाख की धोखाधड़ी का आरोप।शहर के चौपासनी हाउसिंग बोर्ड सेक्टर 21 ई में रहने वाले एक प्रोपर्टी कारोबारी से 30.50 लाख की धोखाधड़ी का प्रकरण पुलिस में दर्ज हुआ है। कोर्ट से मिले इस्तगासे पर पुलिस ने एक महिला और अधिवक्ता को नामजद कर अब जांच आरंभ की है। दुकान के सौदे के नाम पर यह धोखाधड़ी करना बताया है।
चौपासनी हाउसिंग बोर्ड पुलिस ने बताया कि सेक्टर 21-ई निवासी गणेशराम पुत्र घासीराम की तरफ से मामला दर्ज कराया गया। इसमें बताया कि उसने सरदारपुरा स्थित एक दुकान का सौदा अमीन नामक व्यक्ति के लिए कराया था। अप्रैल 2025 में 40 लाख रुपए में सौदा तय हुआ और अमीन ने 10 लाख रुपए एडवांस दिए थे। दुकान मालिक सरोज हमेशा के लिए कलकत्ता शिफ्ट हो रही थीं,इसलिए उन्हें बाकी पैसे जल्द चाहिए थे।
अमीन के पास रकम नहीं थी,तो उसने गणेशराम को विश्वास में लेकर अपनी तरफ से 30 लाख रुपए चुकाने को कहा और एक महीने में लौटाने का वादा किया। अमीन पर भरोसा कर गणेशराम ने 5 मई 2025 को एसबीआई से 30 लाख निकालकर एक अधिवक्ता व अमीन की मौजूदगी में सरोज को दे दिए। इसके बाद 500 रुपए के स्टाम्प पर दो अलग- अलग एग्रीमेंट 40 लाख और 10 लाख के बनाए गए। इन पर सरोज के पति और दामाद ने साखदार के रूप में साइन किए और सोसाइटी से नाम हस्तांतरण का प्रार्थना पत्र भी तैयार कर लिया गया।
कीटनाशक सेवन और शराब पीने से दो की मौत
किराए के 50 हजार रुपए भी ऐंठ लिए
रिपोर्ट में बताया कि दुकान की चाबी और एग्रीमेंट सुरक्षा के तौर पर मध्यस्थता कर रहे अधिवक्ता के पास रखे गए थे। तय हुआ था कि अमीन द्वारा 30 लाख रुपए लौटाने के बाद दुकान का कब्जा उसे सौंपा जाएगा। अगस्त 2025 में सरोज ने किराया मांगा,तो अमीन के कहने पर गणेशराम ने 11 अगस्त को इंडियन बैंक में सरोज के खाते में 50 हजार रुपये और जमा करवा दिए। अमीन ने 30.50 लाख रुपये एक साथ लौटाने का झांसा दिया।
साजिश कर किसी अन्य को किराया दे दिया
इसके बाद अधिवक्ता और अमीन ने साजिश रची और धोखाधड़ी करते हुए दुकान भाड़ा चिट्ठी के जरिए किसी तीसरे व्यक्ति को सौंप दी। गणेशराम जब दुकान पर गए तो वहां किसी और को व्यापार करते देखकर ठगी का खुलासा हुआ। जब उन्होंने आरोपियों से अपने 30.50 लाख रुपये मांगे, तो अमीन ने साफ इनकार कर दिया।
झूठे केस में फंसाने की धमकी
अधिवक्ता ने पेशे की धौंस देते हुए झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भिजवाने और जान से मारने की धमकी दी। पीडि़त की तरफ से कोर्ट में इस्तगासे के माध्यम से अब चौहाबो थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने अब अग्रिम पड़ताल आरंभ की है।
