अवसंरचना कार्यों की प्रगति पर सख्त निगरानी के निर्देश
- साप्ताहिक समीक्षा बैठक
- अमृत 2.0,जल निकासी एवं पेयजल परियोजनाओं की समयबद्ध पूर्णता पर जोर
- लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण एवं बजट घोषणाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश
- वर्षा ऋतु से पूर्व गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने पर विशेष बल
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),अवसंरचना कार्यों की प्रगति पर सख्त निगरानी के निर्देश। जिला कलक्टर आलोक रंजन की अध्यक्षता में मंगलवार को मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर के सभागार में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में जिले के विभिन्न अवसंरचना विभागों के कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में विकास परियोजनाओं के समयबद्ध एवं गुणवत्ता पूर्ण क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया गया।
अमृत 2.0 एवं शहरी परियोजनाओं की समीक्षा
बैठक में अमृत योजना 2.0 के अंतर्गत नगर निगम द्वारा संचालित सीवरेज एवं एसटीपी उन्नयन परियोजनाओं की प्रगति का आकलन किया गया। जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी वर्षा ऋतु के दृष्टिगत सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूर्ण किए जाएं तथा पूर्ण गुणवत्ता के साथ किया जाए। परियोजनाओं की सतत मॉनिटरिंग एवं फील्ड विजिट सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर जोर
नगर निगम,जेडीए,रूडिप,रीको एवं पीएचईडी द्वारा संचालित जल प्रबंधन कार्ययोजनाओं की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि संभावित जलभराव वाले क्षेत्रों की पहचान कर समन्वित एवं प्रभावी कार्ययोजना के माध्यम से त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए,जिससे वर्षा ऋतु में आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
पेयजल प्रबंधन एवं प्रमुख योजनाएं
जिले में समर कांटेंजेंसी,पेयजल आपूर्ति की स्थिति तथा पीएचईडी की प्रमुख योजनाओं,विशेषकर जल जीवन मिशन एवं आरजीएल सी फेज-तृतीय की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने ग्रीष्म ऋतु के दृष्टिगत निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित करने एवं संभावित व्यवधानों के निराकरण के लिए पूर्व तैयारी रखने के निर्देश दिए।
सड़क,विद्युत एवं अन्य निर्माण कार्यों की प्रगति
सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों, जेडीए की प्रगतिरत परियोजनाओं तथा जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित विभागों को कार्यों में अपेक्षित गति लाने एवं निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश प्रदान किए गए।
जोधपुर से चलने-गुजरने वाली 3 समर स्पेशल ट्रेनों के फेरे बढ़े
जन अभियोगों एवं प्रशासनिक प्रकरणों के निस्तारण पर बल
राजस्थान संपर्क,जनसुनवाई, मुख्यमंत्री प्रकोष्ठ एवं वीआईपी प्रकोष्ठ के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने आमजन से जुड़े मामलों के त्वरित एवं प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण के निर्देश दिए। इस संबंध में जिला कलक्टर ने परिवादियों की संतुष्टि स्तर को बढ़ाने के निर्देश दिए। रंजन ने बजट घोषणाओं के अंतर्गत भूमि आवंटन से संबंधित प्रकरणों में शीघ्र कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा।
न्यायालयीन एवं संस्थागत प्रकरणों की समीक्षा
आलोक रंजन ने सतर्कता समिति एवं विभिन्न आयोगों में लंबित प्रकरणों,न्यायालयीन वाद, अवमानना प्रकरण तथा पीएलपीसी प्रकरणों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं विधिसम्मत निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर
बैठक में पंच गौरव कार्यक्रम एवं काली बाई भील उड़ान योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि इन योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक सुनिश्चित करते हुए प्रभावी क्रियान्वयन किया जाए।
समन्वित प्रयासों से विकास कार्यों को गति देने पर बल
जिला कलक्टर आलोक रंजन ने सभी विभागों को पारस्परिक समन्वय,पारदर्शिता,प्रतिबद्धता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि विकास कार्यों की नियमित समीक्षा,प्रभावी मॉनिटरिंग एवं गुणवत्ता पूर्ण क्रियान्वयन के माध्यम से आमजन को योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में जेडीए आयुक्त उत्साह चौधरी,नगर निगम आयुक्त राहुल जैन,सीईओ जिला परिषद आशीष कुमार मिश्रा,एडीएम (प्रथम) जवाहर चौधरी,एडीएम (द्वितीय) सुरेंद्र पुरोहित,एडीएम(शहर प्रथम) अंजुम ताहिर सम्मा,एडीएम (शहर द्वितीय)आईएएस प्रीतम कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
