ग्राम पंचायत सोलंकिया तला में कलक्टर की रात्रि चौपाल
- परिवेदनाओं का त्वरित एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश
- पेयजल,विद्युत,सड़क सहित मूलभूत सुविधाओं पर विशेष जोर
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),ग्राम पंचायत सोलंकिया तला में कलक्टर की रात्रि चौपाल। जिला कलक्टर आलोक रंजन की अध्यक्षता में सोमवार को उपखण्ड शेरगढ़ की ग्राम पंचायत सोलंकिया तला में रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान जिला कलक्टर ने ग्रामीणों की परिवेदनाओं को गंभीरता पूर्वक सुना तथा उनके त्वरित,समायोचित एवं संतोषजनक निस्तारण के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए।
जनसुनवाई में समस्याओं के समाधान के निर्देश
रात्रि चौपाल के दौरान ग्रामीणों द्वारा पेयजल आपूर्ति,सड़क मरम्मत,विद्युत व्यवस्था सहित विभिन्न समस्याएं रखी गईं। जिला कलक्टर ने मौके पर ही संबंधित विभागीय अधिकारियों को बुलाकर समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक परिवाद पर गंभीरतापूर्वक कार्यवाही कर पीड़ित को राहत दिलाई जाए।
गांव-गांव दौड़ रहे ग्राम रथ: किसान बने आत्मनिर्भर,5 को 25+ पंचायतों में पहुंचेगा अभियान
पेयजल एवं विद्युत व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान
जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति को नियमित एवं सुचारु रखा जाए,विशेषकर गर्मी के मौसम में किसी भी प्रकार की बाधा न आए। उन्होंने विद्युत आपूर्ति को निर्बाध बनाए रखने तथा जर्जर विद्युत तारों की मरम्मत 2 दिवस में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े परिवादों का निस्तारण
रात्रि चौपाल में मुख्यमंत्री वृद्ध पेंशन योजना,प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत बकाया किश्त, पशु जलकुंड निर्माण,सीवर लाइन, ग्राम सड़क मरम्मत सहित अन्य परिवाद प्राप्त हुए। जिला कलक्टर ने संबंधित विभागों को इन सभी प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मेधावी विद्यार्थियों एवं भामाशाहों का सम्मान
रात्रि चौपाल के दौरान जिला कलक्टर ने क्षेत्र के 10वीं एवं 12वीं में 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले तथा खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।क्षेत्र के भामाशाहों को भी उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद आशीष कुमार मिश्रा,उपखण्ड अधिकारी शेरगढ़ विक्रांत शर्मा,समाज कल्याण विभाग के संयुक्त निदेशक अनिल व्यास,मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सुरेन्द्र सिंह शेखावत सहित जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित थे।
रात्रि चौपाल एवं जनसुनवाई में राजस्व,पशुपालन,ऊर्जा,महिला एवं बाल विकास,आयुर्वेद,सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता,चिकित्सा, खाद्य,पंचायती राज,आयोजना, कृषि, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं सार्वजनिक निर्माण विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
