माँ शब्द का अपमान किया है कांग्रेस के पूर्व उपमहापौर ने- पालीवाल
जिस माँ ने इक उम्र दी है इन बच्चों को,उस के हिस्से में आज ऐसा भी इक दिन आया है
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),माँ शब्द का अपमान किया है कांग्रेस के पूर्व उपमहापौर ने-पालीवाल। शहर में कांग्रेस बोर्ड से नगर निगम उत्तर के निवर्तमान उपमहापौर अब्दुल करीम जानी के वायरल वीडियो से कांग्रेस के गहलोत प्रदत्त संस्कार सामने आये हैं। इस वायरल वीडियो में जिस असभ्य व अशोभनीय भाषा का प्रयोग निवर्तमान उपमहापौर अब्दुल करीम जानी ने किया है,वह लोकतंत्र का तो अपमान है ही किन्तु उससे भी अधिक वह माँ का अपमान है।
निवर्तमान उपमहापौर के वायरल वीडियो में अशोभनीय भाषा पर टिप्पणी करते हुए जोधपुर शहर जिला भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष राजेन्द्र पालीवाल ने इस घटनाक्रम की कड़े शब्दों में आलोचना की है। उन्होंने कहा कि जिस अत्यंत शर्मनाक तरीके से अपनी भाषा का प्रदर्शन कर अब्दुल करीम जानी ने माँ का अपमान किया और उसे लजाया है यह समूची मातृशक्ति का अपमान है।
जिलाध्यक्ष ने प्रेस विज्ञप्ति के हवाले कहा है कि निगम प्रशासन पर जो दबाव पूर्व उपमहापौर द्वारा बना कर अभद्र भाषा का प्रयोग किया है वह लोकतंत्र में स्वीकार्य नहीं है, किन्तु इन लोगों के आदर्श पूर्व मुख्यमन्त्री अशोक गहलोत के शायद संस्कार ही इसका प्रमुख कारण है। गहलोत की विधान सभा से लम्बे समय से पार्षद रहे जानी का यह स्वभाव गहलोत की तुष्टिकरण की नीति की परिणिति है।
राजेन्द्र पालीवाल ने कहा कि समूचा घटनाक्रम निंदनीय है व भाजपा द्वारा इसकी कड़े शब्दों में निंदा की जाती है।शहर जिला भाजपा के मीडिया प्रभारी डॉ.अजय त्रिवेदी ने कांग्रेस नेतृत्व से प्रश्न किया है कि गांधीवाद व अहिंसा का कथित दम्भ भरने वाले कांग्रेसी क्या भाषायी हिंसा करने वाले इन पूर्व उपमहापौर जानी पर कोई अनुशासनात्मक कार्यवाही करेगी? या इस अपमानजनक कृत्य के समक्ष मौन रह अपने द्विआयामी चरित्र को हमेशा की भांति यथावत रखेगी..? डॉ.त्रिवेदी ने कहा कि कांग्रेसियों का अपराध बोध से ग्रसित न होना भी इनकी निर्लज्जता का बड़ा उदाहरण है।
