मंत्री केके विश्नोई ने पंचकर्म सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का किया अवलोकन
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),मंत्री केके विश्नोई ने पंचकर्म सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का किया अवलोकन।कौशल,रोजगार एवं उद्यमिता राज्य मंत्री केके विश्नोई ने डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय के पंचकर्म सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में पहुँचकर चिकित्सा सुविधाओं,उपचार प्रक्रियाओं एवं व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। केंद्र की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के साथ-साथ मंत्री विश्नोई ने पंचकर्म चिकित्सा सेवाओं का लाभ उठाते हुए इसके सकारात्मक प्रभावों का अनुभव भी किया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर (वैद्य)गोविंद सहाय शुक्ल ने मंत्री का स्वागत किया एवं उन्हें विश्वविद्यालय की शैक्षणिक,अनुसंधान तथा चिकित्सीय गतिविधियों के बारे में जानकारी दी।पंचकर्म विभागाध्यक्ष प्रोफेसर(डॉ) ज्ञान प्रकाश शर्मा ने मंत्री को केंद्र की कार्यप्रणाली, विभिन्न पंचकर्म उपचार विधियों, रोगियों को प्रदान की जा रही सेवाओं तथा व्यवस्थाओं के बारे में विस्तार से अवगत कराया। उन्होंने केंद्र में संचालित चिकित्सीय प्रक्रियाओं का अवलोकन करवाते हुए बताया कि यहां पारंपरिक आयुर्वेदिक सिद्धांतों के आधार पर आधुनिक दृष्टिकोण के साथ उपचार प्रदान किया जा रहा है।
मंत्री विश्नोई ने केंद्र में हो रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि आयुर्वेद एवं पंचकर्म चिकित्सा पद्धति वर्तमान समय में स्वास्थ्य संरक्षण और विभिन्न रोगों के उपचार में अत्यंत प्रभावी एवं उपयोगी सिद्ध हो रही है। उन्होंने केंद्र में उपलब्ध सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं,स्वच्छता तथा गुणवत्ता पूर्ण सेवाओं की प्रशंसा की। इस दौरान विभाग के चिकित्सक, शोधार्थी एवं अन्य स्टाफ सदस्य भी उपस्थित थे। सभी ने अतिथि का स्वागत करते हुए केंद्र की उपलब्धियों और गतिविधियों की जानकारी साझा की।
