प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में तीर्थ स्थलों का हो रहा विकास-मुख्यमंत्री

  • संत राजाराम के जन्मोत्सव में शामिल हुए मुख्यमंत्री
  • प्रभु श्रीराम सनातन के गौरव,सत्य के संवाहक और धर्म के रक्षक

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में तीर्थ स्थलों का हो रहा विकास-मुख्यमंत्री। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि भगवान श्रीराम भारत की आत्मा और सनातन के गौरव हैं। वे मर्यादा के प्रतीक,सत्य के संवाहक,धर्म के रक्षक और सेवा के सर्वाेच्च आदर्श हैं। श्रीराम का जीवन हमें सिखाता है कि चरित्र,कर्तव्य और करुणा का स्थान पद एवं प्रतिष्ठा से सदैव ऊंचा है।

मुख्यमंत्री गुरुवार को जोधपुर के शिकारपुरा (लूणी) स्थित राजाराम आंजणा आश्रम में आयोजित रामनवमी मेले तथा संत राजाराम के 144वें जन्मोत्सव को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने प्रदेशवासियों को रामनवमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रामनवमी का पावन पर्व और संत राजाराम का जन्मोत्सव एक ही दिन होना आध्यात्मिक परंपरा का अद्भुत संगम है। प्रभु श्रीराम के आदर्शों को संत राजाराम ने जन-जन तक पहुंचाने का महान कार्य किया। वे एक तपस्वी ही नहीं, बल्कि एक महान समाज सुधारक भी थे।

प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सनातन संस्कृति का पुनर्जागरण
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सनातन संस्कृति के पुनर्जागरण का कार्य हो रहा है। अयोध्या में प्रभु श्री रामलला के भव्य मंदिर का निर्माण, वाराणसी से लेकर महाकाल महालोक कॉरिडोर सहित प्रमुख तीर्थस्थलों के आधारभूत ढांचे और सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

बेटियों की शिक्षा और गौवंश संरक्षण सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बाल विवाह उन्मूलन और बालिका शिक्षा के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। बेटी बचाओ,बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत बालिकाओं का जन्मोत्सव मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में गौ संरक्षण के लिए सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ कार्य किया जा रहा है। गौ संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रदेश की गौशालाओं को 3 हजार 400 करोड़ रुपये से अधिक का अनुदान वितरित किया गया है। 1 लाख 37 हजार से अधिक निराश्रित गौवंश को सुरक्षित आवासित किया गया है।

86 हजार से अधिक वरिष्ठ नागरिकों ने की तीर्थ यात्रा
उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों को सांस्कृतिक चेतना के केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। राजकीय मंदिरों में धार्मिक कार्यक्रमों के लिए 25 करोड़ 38 लाख रुपये की स्वीकृति जारी की गई है। वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्री योजना के माध्यम से अब तक 86 हजार से अधिक बुजुर्गों को तीर्थ यात्रा करवाई जा चुकी है।

युवाओं को मिल रहे रोजगार के पर्याप्त अवसर
शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार रामजल सेतु लिंक परियोजना, इंदिरा गांधी नहर के पुनर्निर्माण सहित विभिन्न कार्यों से पानी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कर रही है। युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। राज्य सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरों टॉलरेंस की नीति के लिए संकल्पित है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की प्रत्येक विधान सभा के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। जोधपुर को एलिवेटेड रोड देने के लिए भी कार्य जारी है। केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने रामनवमी की शुभकामनाएं देते हुए प्रभु श्रीराम के आदर्शों और सिद्धांतों को आत्मसात करने का आह्वान किया।

जोधपुर: मुख्यमंत्री भजनलाल रामनवमी शोभायात्रा में हुए शामिल

संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने कहा कि संत राजाराम ने जीवन भर मानव सेवा और सामाजिक उत्थान के लिए कार्य किया। सांसद मदन राठौड़ ने कहा कि इस पावन धाम और पावन संतों के सानिध्य से ही नई पीढ़ी का उत्थान संभव है। सामाजिक सरोकारों के साथ सांस्कृतिक एवं पारंपरिक जुड़ाव से ही समाज,प्रदेश और देश का विकास हो सकता है।

इससे पहले मुख्यमंत्री ने शिकारपुरा धाम के गादीपति संत दयाराम का अभिवादन कर आशीर्वाद लिया। उन्होंने यहां मेले का अवलोकन किया तथा शिकारपुरा के संत राजाराम आश्रम के ऐतिहासिक मंदिर एवं समाधि स्थल के दर्शन किए। शर्मा ने श्रद्धालुओं का आत्मीयता के साथ अभिवादन भी किया।

इस अवसर पर पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत,मुख्य सचेतक जागेश्वर गर्ग,जीवजंतु कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष जसवंत सिंह विश्नोई, पाली सांसद पीपी चौधरी,जालोर सिरोही सांसद लुंबा राम चौधरी, विधायक बिलाड़ा अर्जुनलाल गर्ग, विधायक शेरगढ़ बाबू सिंह राठौड़, विधायक ओसियां भैराराम सियोल, विधायक फलोदी पब्बाराम विश्नोई, विधायक पचपदरा अरुण पटेल, विधायक जैसलमेर छोटू सिंह, विधायक सिवाना हमीर सिंह भायल,विधायक चौहटन आदुराम मेघवाल,विधायक सांचौर जीवाराम चौधरी भी उपस्थित थे।