देशभर में बनेंगे आधुनिक सब-वे और अंडर ब्रिज
- रेल पटरी हादसों पर लगेगा ब्रेक:
- रेलमंत्री ने दिए स्पष्ट निर्देश
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),देशभर में बनेंगे आधुनिक सब-वे और अंडर ब्रिज। रेल पटरी पार करते समय होने वाली दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से रेलवे अब मिशन मोड में कार्य करेगा। इस दिशा में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने देशभर में आधुनिक एवं सुगम रेल सब-वे/रोड अंडर ब्रिज निर्माण के निर्देश दिए हैं। उन्होंने गुरुवार को नई दिल्ली में आयोजित एक वर्कशॉप के दौरान संबंधित अधिकारियों को इस संबंध में स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए।
रेल मंत्री ने कहा कि जिन स्थानों पर रेल पटरी के एक ओर बस्ती और दूसरी ओर खेत,विद्यालय,श्मशान या अन्य महत्वपूर्ण स्थल स्थित हैं,वहां प्राथमिकता के आधार पर ये सब-वे/रोड अंडर ब्रिज बनाए जाएंगे। विशेष रूप से उन जगहों की पहचान की जाएगी,जहां बड़ी संख्या में लोग दैनिक आवागमन के दौरान रेलवे ट्रैक पार करते हैं।
ओपन सीनियर जूडो चयन स्पर्धा शनिवार को
रेल मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसे सब-वे/रोड अंडर ब्रिज विकसित किए जाएं जो आमजन के लिए सुरक्षित और सुविधाजनक हों। इनका डिजाइन इस प्रकार होगा कि लोग साइकिल, मोटरसाइकिल और दैनिक उपयोग की वस्तुओं के साथ आसानी से आवागमन कर सकें। इससे ट्रैक पार करते समय होने वाली दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी आने की उम्मीद है और यह सुविधा आम नागरिकों के लिए एक जीवनदायी विकल्प के रूप में उभरेगी।
सुगम,सुरक्षित और त्वरित निर्माण पर जोर
रेल मंत्री ने इस समस्या से अगले 5-6 वर्षों में व्यापक समाधान सुनिश्चित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। उन्होंने कहा कि इन सब- वे/रोड अंडर ब्रिज का निर्माण इस प्रकार किया जाए कि पटरियों के आर-पार इन्हें मात्र 12 घंटे में स्थापित किया जा सके। डिजाइन ऐसा हो कि जलभराव जैसी समस्याएं न उत्पन्न हों और लोग बिना किसी झिझक के इनका उपयोग कर सकें।
उन्होंने यह भी कहा कि रेलवे की योजनाएं संवेदनशीलता के साथ आमजन की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार की जाएं,ताकि उनका लाभ लंबे समय तक समाज को मिलता रहे।
