महाशिवरात्रि पर शिव मंदिरों में दिनभर लगी रही भक्तों की भीड़
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),महाशिवरात्रि पर शिव मंदिरों में दिनभर लगी रही भक्तों की भीड़। भगवान शिव की आराधना का प्रमुख पर्व महाशिवरात्रि रविवार को श्रद्धापूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर शहर के सभी शिव मंदिरों व शिवालयों में दर्शनों के लिए भक्तों की भीड़ लगी रही। शिव मंदिरों में महारूद्राभिषेक,पंचामृत अभिषेक,ऋतु पुष्पों का श्रृंगार और जागरण सहित कई धार्मिक आयोजनों की बयार बही। प्रमुख शिवालयों में शिव विवाह एवं बाबा बर्फानी की झांकियां सजाई गई। शिवालयों में आकर्षक रोशनी की गई। भक्तों की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के इंतजाम भी किए गए।
महाशिवरात्रि का महापर्व आज आस्था और श्रद्धा के साथ मनाया गया। शहर के सभी छोटे-बड़े शिव मन्दिरों को आकर्षक रोशनी से सजाया-संवारा गया। बम-बम भोले और हर-हर महादेव की गूंज से भोले को रिझाने का प्रयास किया गया। शिवालयों में कुमकुम,भांग, बिल्व पत्र,सफेद आक के पुष्प, तुलसी मंजरी,शमी पत्र,दूब,गुलाल, अबीर चढ़ाए गए। शहर की विभिन्न कॉलोनियों के शिवालयों में भी भक्त सवेरे से ही पूजा-अर्चना में लगे रहे। यहां महारूद्राभिषेक,पंचामृत अभिषेक,शिव ब्यावला,पूजापाठ सहित अन्य अनुष्ठानों का आयोजन किया गया।
मन्दिरों पर भक्तों के दर्शन के लिए विशेष व्यवस्था की गई। शहर के सभी शिवालयों में सुबह से मेले जैसा माहौल रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना करने पहुंचे। श्रद्धालुओं ने दूध,गन्ने का रस,घी, शहद और अन्य सामग्री से अभिषेक किया। यहां कई धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
मंडलनाथ,उम्मेद उद्यान,रामसागर, माताजी का थान,कटला बाजार अचलनाथ,चांदपोल सिद्धपीठ रामेश्वरनाथ,जालोरी बारी बड़लेश्वर, तखतसागर सिद्धनाथ,कायलाना गोरेश्वर महादेव मंदिर,अटक भैरुनाथ,भूतनाथ,जागनाथ, इकलिंग महादेव,सरदारपुरा शिव मंदिर घांचियों का बास महामंदिर, देवराहा महादेव नाडी,रामेश्वर महादेव मंदिर,गोपेश्वर सुखेश्वर महादेव मंदिर,भीड़ भजनेश्वर, प्रतापेश्वर महादेव मंदिर,जूना खेड़ापति मंदिर में दुग्धाभिषेक व पंचामृत अभिषेक किए गए।
होमगार्ड से अभद्रता करने वाले टैक्सी ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज
उम्मेद उद्यान स्थित शिवालय में मंदिर ट्रस्ट की ओर से फूल मंडली, संकीर्तन व म्यूजिकल फव्वारे के बीच आकर्षक रोशनी की गई। भूतेश्वर वन क्षेत्र की पहाडियों में स्थित भूतेश्वर महादेव मंदिर में भी महाशिवरात्रि पर चारों प्रहर पूजन हुआ। इसके अलावा जूना खेडापति बालाजी मंदिर में दिनभर शिव पूजन हुआ।
झांकीयुक्त शिव बारात निकाली
शिवरात्रि पर शहर में झांकी युक्त शिव बारात निकाली गई। शिव बारात महोत्सव समिति की ओर से रविवार शाम जूनी बागर चौक से शिव बारात निकाली गई। अध्यक्ष राहुल कासोटिया ने बताया कि जूनी बागर चौक से अचलनाथ महादेव मंदिर होते हुए शिव छतरी,मेहरा चौक तक 12वीं शिव बारात निकाली गई।। शिव बारात में विभिन्न देवी देवताओं की झांकियां, भूत-प्रेत के स्वरूप सहित श्रद्धालु शामिल हुए।
शिव बारात महोत्सव समिति सरदारपुरा प्रखंड व महादेव विवाह महोत्सव समिति की ओर से सरदारपुरा सत्संग भवन से मंच स्वागत कार्यक्रम के बाद शिव बारात निकाली गई जो बी रोड, जालोरी गेट,भीतरी शहर होते हुए अचलनाथ महादेव मंदिर पहुंचकर सम्पन्न हुई। वहां से महादेव ने विवाह के लिए भूतनाथ प्रस्थान किया। तोरण वरमाला और पाणिग्रहण संस्कार के साथ विवाह की सभी रस्में वहीं सम्पन्न हुई।
इसी तरह डॉ.एसएन मेडिकल कॉलेज परिसर से छात्र-छात्राओं द्वारा शिव पार्वती की बारात निकाली गई,जो कॉलेज कैंपस से होते हुए हॉस्टल परिसर के शिव मंदिर तक पहुंची। इस दौरान महाविद्यालय के प्राचार्य एवं नियंत्रक डॉ.बीएस जोधा व अतिरिक्त प्राचार्य डॉ.एफ़एस भाटी की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का आयोजन एमबीबीएस बैच-2024 के यूजी विद्यार्थियों ऋतिक गुर्जर, अभिषेक मेरोथा,वीरेंद्र नवरिया, महेश नाथ पंवार,रितिक दिवाकर, निशांत सोनी,काव्या जैन,अभय गुर्जर द्वारा किया गया।
