जनजागृति यज्ञ में यजमानों ने दी आहुतियां

आर्य समाज व कांग्रेस ने दिया हर घर यज्ञ का संदेश

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),जनजागृति यज्ञ में यजमानों ने दी आहुतियां।
आर्य समाज फोर्ट एवं जोधपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में नेहरू कॉलोनी में जन-जागृति यज्ञ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य वैदिक परंपराओं के माध्यम से सामाजिक, नैतिक एवं पर्यावरणीय चेतना का प्रसार करना है।

आर्य समाज फोर्ट मंत्री उम्मेद सिंह आर्य ने बताया कि यज्ञ वैदिक संस्कृति का मूल आधार है और इसके माध्यम से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। आर्य प्रतिनिधि सभा राजस्थान के उपप्रधान नारायण सिंह आर्य ने कहा कि यज्ञ परमात्मा का मुख है, जिससे प्रकृति और जीवात्मा दोनों को लाभ मिलता है। उन्होंने कहा कि ईश्वर-जीव-प्रकृति त्रैतवाद का वैदिक सिद्धांत यज्ञ से ही साकार होता है तथा यज्ञ से पर्यावरण प्रदूषण भी समाप्त होता है। आर्य समाज वैदिक काल से लेकर वर्तमान तक यज्ञ को ईश्वर उपासना का मुख्य कर्म मानता आया है और “हर घर यज्ञ” का आह्वान करता है।

पूर्व शहर विधायक मनीषा पंवार ने कहा कि आर्य समाज और कांग्रेस स्वतंत्रता आंदोलन में एक-दूसरे के पूरक रहे हैं। उन्होंने कहा कि आर्य समाज के अनेक दिग्गज नेता कांग्रेस के पदाधिकारी रहे तथा नरम दल और गरम दल दोनों में आर्य समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने महात्मा गांधी के कथन का उल्लेख करते हुए कहा कि जहां- जहां आर्य समाज सक्रिय था,वहां स्वतंत्रता आंदोलन पहले से तैयार अवस्था में था। लाला लाजपत राय, स्वामी श्रद्धानंद और सरदार वल्लभ भाई पटेल जैसे महान नेता आर्य समाज और कांग्रेस के अग्रणी स्तंभ रहे हैं।

उन्होंने बताया कि आर्य नेता पिता रामसिंह आर्य की मंशा के अनुसार जोधपुर के विभिन्न क्षेत्रों में वैदिक यज्ञों का आयोजन किया जाएगा। प्रतिपक्ष नेता गणपत सिंह चौहान ने कहा कि आर्य समाज के माध्यम से उन्हें सामाजिक और राजनीतिक कार्य करने की प्रेरणा मिली है। जोधपुर कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष रामनिवास गोदारा और भंवरलाल हठवाल ने “हर घर यज्ञ” अभियान में पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम का संयोजन आर्य समाज फोर्ट द्वारा किया गया। यज्ञ का संचालन पुरोहित उम्मेद सिंह आर्य व चेनाराम आर्य ने किया।

रेलवे मजिस्ट्रेट ने एक ही दिन में किया रिकॉर्ड 524 प्रकरणों का निस्तारण

यज्ञ के मुख्य यजमान हेमंत मौर्य ने सपत्नी एवं परिवार सहित आहुतियां देकर मंगलकामना की। कार्यक्रम के अंत में लक्ष्मण सिंह आर्य ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। आर्य वीर दल राजस्थान के अध्यक्ष भंवरलाल आर्य,पूर्व अध्यक्ष चांदमल आर्य,राजस्थान संगठन मंत्री जितेंद्र सिंह,जोधपुर अध्यक्ष हरिसिंह आर्य, संचालक लक्ष्मण सिंह आर्य, ओमकार वर्मा,गणपत सिंह पंवार, पार्षद भंवरलाल हठवाल,रामनिवास गोदारा,समाजसेवी दीपक सिंह पंवार,रावणा राजपूत हरिद्वार ट्रस्ट अध्यक्ष गजेसिंह भाटी,धनराज नायक,भंवरलाल बिवाल,पूनम सिंह शेखावत सहित बड़ी संख्या में आर्य समाज के कार्यकर्ता,कांग्रेसजन, मातृशक्ति एवं क्षेत्रवासी उपस्थित थे।