लाइब्रेरियन की नौकरी दिलाने के नाम पर 11 लाख रुपये और सोने के गहने ठगने का आरोप
- ज्योतिषी बनकर महिला से बढ़ाया संपर्क
- फर्जी दस्तावेज तैयार कराने और अधिकारियों के नाम पर रकम मांगने का आरोप
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),लाइब्रेरियन की नौकरी दिलाने के नाम पर 11 लाख रुपये और सोने के गहने ठगने का आरोप। शहर के बासनी थाना क्षेत्र में सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक महिला से करीब 11 लाख रुपए और सोने के आभूषण हड़पने का मामला सामने आया है। इस संबंध में चंचल राठौड़ ने पुलिस को शिकायत देकर कई लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र रचने के आरोप लगाए हैं।
शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने महिला को लाइब्रेरियन के पद पर नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया और शैक्षणिक दस्तावेज तैयार करवाने, अनुभव प्रमाण पत्र बनवाने व अधिकारियों से फाइल पर हस्ताक्षर करवाने के नाम पर अलग-अलग समय पर रकम और गहने लिए।
बीस महिने पहले हुई थी मुलाकात
परिवाद के अनुसार जनवरी 2025 में महिला अपनी बहन के साथ बाजार गई थी। तब उसकी मुलाकात एक ज्योतिषी की दुकान पर बैठने वाले भूपेश कुमार से हुई। महिला ने नौकरी के संबंध में जानकारी मांगी तो भूपेश ने सरकारी नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया और बाद में उमेश नाम के व्यक्ति से संपर्क करवाया।
महिला का आरोप है कि उमेश ने उसके शैक्षणिक दस्तावेज व्हाट्सएप पर मंगवाए और बिलाड़ा क्षेत्र में लाइब्रेरियन का पद खाली होने की बात कहकर नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया।
दस्तावेजों के नाम पर रकम मांगी
शिकायत में बताया गया है कि मार्च 2025 से दस्तावेज तैयार करवाने, कंप्यूटर कोर्स की मार्कशीट,शपथपत्र, गारंटर और अनुभव प्रमाण पत्र बनवाने सहित विभिन्न कार्यों के नाम पर रकम मांगी जाने लगी।
नो पार्किंग में खड़े वाहनों के खिलाफ पुलिस का व्हील लॉक अभियान
महिला के अनुसार, आरोपियों ने कभी अधिकारियों के हस्ताक्षर तो कभी दस्तावेजों की जांच का हवाला देकर पैसे मांगे। रकम की व्यवस्था नहीं होने पर सोने के आभूषण देने के लिए कहा गया। आरोप है कि महिला ने भूपेश दवे की पत्नी ज्योति और उसकी बेटी पूजा को भी आभूषण सौंपे।
बिलाड़ा में बीडीओ के हस्ताक्षर करवाने के लिए मांगे रुपए
परिवाद के मुताबिक,बाद में महिला से बिलाड़ा में बीडीओ के हस्ताक्षर करवाने तथा फाइल आगे बढ़ाने के नाम पर भी रकम मांगी गई। महिला ने एक लाख रुपये नकद देने और शेष रकम की व्यवस्था करने के लिए अपनी सास के सोने के आभूषण देने का आरोप लगाया है।
इसके बाद पूछताछ और दस्तावेजों की जांच रुकवाने के नाम पर डेढ़ लाख रुपये की मांग किए जाने का भी उल्लेख शिकायत में किया गया है। महिला का आरोप है कि नौकरी नहीं लेने और फाइल निरस्त करवाने की बात कहने पर उसे जेल जाने का डर दिखाया गया।
11 लाख रुपये और सोने के आभूषण हड़प लिए
महिला ने शिकायत में यह भी आरोप लगाया कि बाद में अलग-अलग अधिकारियों के नाम पर रकम और गहनों की मांग जारी रही। इस तरह उसके करीब 11 लाख रुपये और सोने के आभूषण हड़प लिए गए।
महिला के अनुसार,बाद में उसे संदेह हुआ कि भूपेश कुमार दवे और उमेश एक ही व्यक्ति हो सकते हैं। इसके बाद संपर्क करने पर संबंधित मोबाइल नंबर बंद मिले।परिवाद में भूपेश कुमार,उमेश,ज्योति,पूजा सहित अन्य लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र के आरोप लगाते हुए पुलिस से मामला दर्ज कर जांच करने, आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा रकम और आभूषण वापस दिलाने की मांग की गई है। मामले में आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
