वंदे मातरम की पुकार श्रमिक सुरक्षा का विस्तार मल्टीमीडिया प्रदर्शनी शुरु
- केंद्रीय संचार ब्यूरो का आयोजन
- प्रदर्शनी का उद्घाटन केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने किया
बीकानेर/जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज) सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के केंद्रीय संचार ब्यूरो जोधपुर द्वारा बीकानेर के महारानी उच्च माध्यमिक विद्यालय में 6 से 10 दिसंबर तक पांच दिवसीय “वंदे मातरम की पुकार,श्रमिक सुरक्षा का विस्तार” थीम पर आधारित मल्टी मीडिया प्रदर्शनी का उद्घाटन शनिवार को केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने किया।
आर्य समाज पाबीपुरा में 51 कुंडीय संस्कार व संस्कृति रक्षा महायज्ञ आज
इस अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि इस प्रदर्शनी के माध्यम से वन्दे मातरम के 150 वर्ष व नए श्रम कानून के साथ केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा वन्दे मातरम गीत को जन-जन तक पहुँचाने के लिए 150 वर्ष का जश्न मनाया जा रहा है।
केंद्रीय राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा देश के विकास के लिए नए श्रम कानून लाए गए हैं, जिससे श्रमिकों के जीवन में निरंतर परिवर्तन आएगा। केंद्र सरकार द्वारा किसान,युवा,महिलाओं के लिए महत्वपूर्ण योजनायें चलाई जा रही हैं जिसका लाभ प्रत्येक नागरिक को मिल सके। उन्होंने कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर का देश के विकास और कानून की प्रक्रियाओं को मजबूती देने में महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
मेघवाल ने कहा कि प्रदर्शनी में केंद्र व राज्य सरकार के नगर निगम, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, राजकीय आयुर्वेदिक विभाग, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग,कृषि विभाग, भारतीय डाक विभाग,भारतीय स्टेट बैंक,महिला एवं बाल विकास विभाग,महिला अधिकारिता विभाग,पंचायती राज विभाग,ग्रामीण विकास विभाग, जिला उद्योग केंद्र,कर्मचारी भविष्य निधि संगठन आदि के स्टाल भी लगाये गए हैं,जिसके माध्यम से आमजन को योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है।
पत्र सूचना कार्यालय एवं केंद्रीय संचार ब्यूरो,जयपुर के निदेशक अनुभव बैरवा ने कहा कि यह प्रदर्शनी केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण कल्याणकारी योजनाओं और राष्ट्र निर्माण में हो रहे अभूतपूर्व परिवर्तन को आमजन तक पहुँचाने का सशक्त माध्यम है। यहाँ बनाए गए 9 थीम आधारित ज़ोन महिला सशक्तिकरण से लेकर डिजिटल इंडिया,युवा विकास से लेकर रक्षा नवाचार तक नए भारत के संकल्प और सामर्थ्य का जीवंत प्रतिबिंब हैं। यह विशेष प्रदर्शनी युवाओं के लिए विशेष आकर्षण लेकर आई है,जिसमें डिजिटल क्विज,वर्चुअल रियलिटी अनुभव,बोर्ड गेम्स,प्रधानमंत्री के साथ वर्चुअल सेल्फी पॉइंट, योजनाओं से जुड़े प्रेरक वीडियो चलाये जा रहे हैं।
नगर निगम के आयुक्त मयंक मनीष ने कहा कि प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों के स्टाल के माध्यम से केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाया जा रहा है जिससे सभी के जीवन में परिवर्तन आ सके। इस दौरान केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल व अन्य अतिथियों द्वारा प्रदर्शनी में आयोजित मौखिक प्रश्नोत्तरी,चित्रकला आदि प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। यह प्रदर्शनी 10 दिसंबर तक प्रातः 10 से शाम 5 बजे तक आमजन के लिए नि:शुल्क खुली रहेगी।
