राज्यपाल ने राजकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिंजवाड़िया का किया लोकार्पण
- अवलोकन कर ली चिकित्सा सेवाओं की जानकारी
- नौनिहालों से संवाद किया
- पोस्टर का किया विमोचन
जोधपुर,(डीडीन्यूज)।राज्यपाल ने राजकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिंजवाड़िया का किया लोकार्पण। राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने शुक्रवार को ई.पुखराज सांखला राजकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिंजवाड़िया का विधिवत लोकार्पण किया।
इसे भी पढ़ें – 2036 में ओलंपिक की मेजबानी के लिए तैयार है भारत-केंद्रीय गृह मंत्री
इस दौरान राज्यपाल ने टीकाकरण कक्ष,निःशुल्क दवा वितरण कक्ष, पर्ची वितरण कक्ष,एनीमिया कक्ष, पुरुष वार्ड,महिला वार्ड का अवलोकन किया। बागडे ने अस्पताल में दी जाने वाली सुविधाओं यथा माइनर ऑपरेशन थिएटर,टीकाकरण कक्ष,लैब, मुख्यमंत्री निशुल्क दवा योजना काउंटर,पुरुष वार्ड,महिला वार्ड इत्यादि का निरीक्षण कर उपस्थित कार्मिकों से संवाद किया।
बागड़े ने एनीमिया मुक्त राजस्थान से लाभान्वित बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं,आशा सहयोगिनी और एएनएम से संवाद किया। उन्होंने चिकित्सा विभाग के अधिकारियों एवं चिकित्सकों से एनीमिया मुक्त राजस्थान अभियान की प्रगति की जानकारी ली। निःशुल्क दवा वितरण के बारे में विस्तार से जानकारी ली। बागड़े ने कहा कि वितरित की जाने वाली दवाओं की एक्सपायरी डेट का विशेष ध्यान रखा जाए। इस दौरान उन्होंने उपस्थित नौनिहालों से संवाद भी किया।
गांव री हथाई पोस्टर का विमोचन
महामहिम राज्यपाल ने गांव री हथाई पोस्टर का विमोचन किया। पोस्टर में एनीमिया के उपचार और लक्षणों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान राज्यपाल ने एनीमिया से पीड़ित महिलाओं को एनीमिया उपचार किट का वितरण किया। बागड़े ने एनीमिया मुक्त राजस्थान अभियान को सफल बनाने के लिए घरेलू उपचार पद्धति अपनाने का आह्वान किया।
ये थे उपस्थित
लोकार्पण कार्यक्रम में ओसियां विधायक भैराराम सियोल,शासन सचिव डॉ पृथ्वीराज सांखला,जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल,मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ प्रताप सिंह सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।