गैस सिलेंडर फटने से 4 की मौत,16 झुलसे
- जोधपुर के कीर्ति नगर इलाके में हुआ हादसा
- क्षेत्र के एक मकान में गैस का अवैध कारोबार च रहा था
- कई वाहन भी आए चपेट में
- घायलों को महात्मा गांधी अस्पताल में कराया भर्ती
- झुलसे 8 लोगों की हालत गम्भीर
- इलाके में मची अफरातफरी
- सिलेंडर फटने से लगी आग को दमकलों ने किया काबू
- मुख्यमंत्री की संवेदना व्यक्त,घटना की जानकारी ली
- घायलों के पुख्ता इलाज के दिए निर्देश
- जिला कलेक्टर ने अस्पताल पहुंचकर पुख्ता इलाज के दिए निर्देश
जोधपुर, शहर के कीर्ति नगर क्षेत्र के हुडको कॉलोनी में शनिवार दोपहर एलपीजी के चार-पांच सिलेंडर फट गए जिससे चार की मौत हो गई और 16 लोग झुलस गए। जिसमे 8 की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।सिलेंडर फटने से मकान में आग लग गई क्षेत्र में कोहराम मच गया। जिला कलेक्टर हिमांशु गुप्ता ने बताया कि हादसे में 4 लोग जिंदा जल गए और 16 लोग झुलसे हैं जिनका इलाज महात्मा गांधी अस्पताल में चल रहा है। मृतकों के शवों को फायर ब्रिगेड कर्मियों ने बाहर निकाला।
हादसे में झुलसे लोगों को एम्बुलेंस से एमजीएच लाया गया। अस्पताल लाए गए लोगों में कई 80 फीसदी से ज्यादा झुलसे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही जिला कलेक्टर हिमांशु गुप्ता एमजीएच पहुंचे और डॉक्टरों से बात कर जानकारी ली और घायलों के उपचार के लिए पुख्ता प्रबंध करने के निर्देश दिए।
अब तक मिली जानकारी के अनुसार कीर्ति नगर स्थित हादसे वाले मकान में अवैध रूप से गैस सिलेंडर का कारोबार होता था। एक सिलेंडर से गैस का रिसाव हो रहा था, इस पर काम करने वाले व्यक्ति ने माचिस की तीली लगाकर गैस लीकेज चेक करने की कोशिश की तो आग पकड़ लिया।
जिससे वहां रखे अन्य सिलेंडर भी भभक उठे और 4 सिलेंडर फट गए।धमाके के साथ लगी आग इतनी तेज थी कि संकरी गली के अंदर खड़े कई लोग इसकी चपेट में आ गए।
इलाके में अफरातफरी मच गई। झुलसे लोगों को तुरन्त नयापुरा अस्पताल ले गए और वहां से एमजीएच ले जाया गया। हादसे के समय उस घर के बाहर एक गैस एजेंसी की पिकअप भी खड़ी थी। बताया गया कि घर में कई गैस सिलेंडर रखे हुए थे जिसमे से ही किसी सिलेंडर में विस्फोट हुआ। लोगों का कहना था कि क्षेत्र में 3-4 धमाके सुनाई दिए। दूर-दूर तक धुआं नजर आ रहा था। सूचना पर फायर ब्रिगेड की दमकलें मौके पर पहुंची और आग को काबू किया। वहां खड़ी पिकअप और कई वाहन आग की चपेट में आ गए। हादसा वाले कमरे का पूरा समान जलकर राख हो गया। मौके पर कई गैस सिलेंडर जले हुए मिले। हादसे की सूचना पर शहर विधायक मनीषा पंवार,नगर निगम महापौर कुंती देवड़ा,डीसीपी अमृता दुहान सहित अन्य कई अधिकारी मौके पर पहुंचे।
मुख्यमंत्री गहलोत ने जताया दुःख:- गैस सिलेंडर फटने से हुए हादसे पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट कर दुःख जताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि जोधपुर में मगरा पूंजला एरिया के कीर्ति नगर में गैस सिलेंडर फटने से 4 लोगों की मृत्यु एवं कई लोगों के घायल होने की जानकारी बेहद दुःखद है। स्थानीय प्रशासन से पूरी घटना की जानकारी ली है एवं घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। इस कठिन घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। ईश्वर उन्हें यह आघात सहने की शक्ति प्रदान करे एवं दिवंगतों की आत्मा को शांति प्रदान करे। हादसे में घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना है।
मुख्य मंत्री ने जिला कलेक्टर से दूरभाष पर घटना की पूरी जानकारी ली और गायलों को बेहतर इलाज मुहैया कराने के निर्देश दिए।
दूरदृष्टिन्यूज़ की एप्लिकेशन डाउनलोड करें-http://play.google.com/store/apps/details?id=com.digital.doordrishtinews