नगर निकाय चुनाव के लिए 24×7 चुनाव नियंत्रण कक्ष स्थापित
चुनाव संबंधी सूचनाओं के आदान-प्रदान एवं शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के लिए तीन पारियों में होगा संचालन
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),नगर निकाय चुनाव के लिए 24×7 चुनाव नियंत्रण कक्ष स्थापित। उप जिला निर्वाचन अधिकारी जोधपुर जवाहर चौधरी ने आदेश जारी कर नगर निकाय आम चुनाव- 2026 के प्रयोजनार्थ जिला स्तर पर निर्वाचन संबंधी सूचनाओं के आदान-प्रदान तथा आमजन से प्राप्त निर्वाचन संबंधी शिकायतों एवं सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई के लिए 24×7 चुनाव नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है। नियंत्रण कक्ष तहसील कार्यालय जोधपुर के इजलास कक्ष में संचालित होगा।
भाजपा कोर कमेटी की बैठक में चुनावी तैयारियों पर मंथन
आदेश के अनुसार नियंत्रण कक्ष का संचालन तीन पारियों में किया जाएगा। प्रथम पारी प्रातः 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक,द्वितीय पारी दोपहर 2 बजे से रात्रि 10 बजे तक तथा तृतीय पारी रात्रि 10 बजे से प्रातः 6 बजे तक रहेगी। नियंत्रण कक्ष के प्रभारी डांगियावास के नायब तहसीलदार किशन सिंह भाटी तथा सहायक प्रभारी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नांदड़ा कल्ला के व्याख्याता राजूराम कावा होंगे।
नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नंबर 0291-2551001
आमजन निर्वाचन संबंधी सूचना एवं शिकायत नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 0291-2551001 पर दे सकते हैं। इसके अतिरिक्त व्हाट्सएप के माध्यम से सूचना प्रेषित करने के लिए कुशल राठी,कनिष्ठ सहायक के मोबा.नं.7976958980 तथा देवेन्द्र सिंह,बेसिक कम्प्यूटर अनुदेशक के मोबाइल नंबर 8233823357 पर संपर्क किया जा सकता है।
नियंत्रण कक्ष द्वारा राज्य निर्वाचन आयोग के नियंत्रण कक्ष से अपेक्षित सूचनाओं के संबंध में संबंधित रिटर्निंग अधिकारी एवं प्रभारी अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर निर्वाचन संबंधी सूचनाओं का समयबद्ध आदान-प्रदान सुनिश्चित किया जाएगा। इसके साथ ही नगरीय निकाय आम चुनाव- 2026 से संबंधित मतदान दलों की नियुक्ति,जोनल एवं एरिया मजिस्ट्रेट की नियुक्ति,पुलिस जाब्ता की तैनाती,मतदान दलों के प्रशिक्षण,मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाओं, नामांकन संबंधी सूचनाओं तथा मतदान दलों के संग्रहण केंद्र पर पहुंचने एवं सील्ड कार्ड जमा कराने से संबंधित अद्यतन सूचनाओं का संकलन एवं समयबद्ध प्रेषण सुनिश्चित किया जाएगा।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि नियंत्रण कक्ष द्वारा किसी भी परिस्थिति में गलत,अपुष्ट अथवा भ्रामक सूचना उपलब्ध नहीं कराई जाएगी। यदि नियंत्रण कक्ष में किसी सूचना अथवा जानकारी का तत्काल उपलब्ध होना संभव नहीं हो,तो संबंधित अधिकारी से संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त करने के उपरांत ही उसे उपलब्ध करवाया जाएगा। इस प्रकार नियंत्रण कक्ष निर्वाचन संबंधी सूचनाओं के सुचारु,विश्वसनीय एवं समयबद्ध संप्रेषण के लिए समन्वय केंद्र के रूप में कार्य करेगा।
