बचकर भागते समय सन्नी की पीठ पर अजय धारू ने मारी थी गोली
- एक आरोपी को माउंट से दूसरे नाबालिग को शहर से ही पकड़ा
- छह लोग नामजद
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),बचकर भागते समय सन्नी की पीठ पर अजय धारू ने मारी थी गोली। बॉम्बे मोटर-12वीं रोड चौराहे के बीच विक्की फाइटर और सन्नी हंस पर जानलेवा हमले के मामले में 6 आरोपियों नामजद किया है। हमले में घायल सन्नी हंस ने पर्चा बयान में अजय धारू,विशाल पंडित, मोहित चांवरिया,साहिल राठी,टीपू तेजी और मोहित जावा को आरोपी बनाया है।
इसे भी पढ़ें –योग है जीवन का आधार,इससे मिलता स्वास्थ्य अपार
जोधपुर पश्चिम की अलग- अलग टीमें आरोपियों की तलाश में जोधपुर से बाहर गई है। पुलिस ने घटना के बाद एक नाबालिग सहित दो को पकड़ा। नाबालिग को जोधपुर से और एक अन्य आरोपी को माउंट आबू से पकड़ा। पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम के बाद विक्की फाइटर का शव परिजनों को सौंपा। परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। हमले में घायल सन्नी का एमडीएम अस्पताल में इलाज चल रहा है।
एमडीएम अस्पताल अधीक्षक डॉ.विकास राजपुरोहित ने बताया कि सन्नी के हाथ-पांव में मल्टीपल फ्रेक्चर है। मरीज के गोली लगी हुई थी। जिसे निकाल ली। उसकी हालत स्थिर है। डॉक्टरों की देखरेख में इलाज चल रहा है।
पर्चा बयान में सन्नी ने पुलिस को बताया कि वह कृष्णा मोटर के बाहर स्कार्पियो ठीक करवा रहे थे। तभी वहां पर अजय धारू अपने साथियों के साथ आया और हमला कर दिया। जान बचाने के लिए वह बॉम्बे मोटर्स चौराहे की तरफ भागा,लेकिन बदमाश पीछा करते रहे। इसी दौरान अजय धारू ने उसके पीछे फायर किया और गोली उसकी पीठ व कमर के पास लगी।
गोली लगते ही वह सडक़ पर गिर पड़ा। इसके बाद आरोपियों ने तलवार,कुल्हाड़ी और हथौड़ों से हमला कर दिया। फायरिंग के दौरान विक्की फाइटर के सिर में भी गोली लगी और वह मौके पर ही घायल होकर गिर गया। हमलावर 4-5 स्कूटी और मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए थे।
पुलिस को बता दिया था जान का खतरा
सन्नी ने पर्चा बयान में पुलिस पर भी आरोप लगाया। उसने बताया कि हमलावरों से पहले भी जान का खतरा था। फायरिंग और हमले की संभावना को लेकर कुछ दिन पहले प्रताप नगर सदर थाने में सूचना दी गई थी। इसके कुछ दिन बाद ही आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से हमला कर दिया।
