बिन गुरु ज्ञान कहां से पाऊं दीजो ज्ञान हरि गुण गाऊं…
- गुरु पूर्णिमा पर शहर में बही आस्था की बयार
- गुरु पीठों,मठों और आश्रमों में श्रद्धापूर्वक हुआ गुरु पूजन
- शिष्यों ने लिया आशीर्वाद
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),बिन गुरु ज्ञान कहां से पाऊं दीजो ज्ञान हरि गुण गाऊं। गुरु-शिष्य के प्रेम,आदर और स्नेह के प्रतीक गुरु पूर्णिमा पर्व पर बुधवार को शहर भर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल रहा। इस अवसर पर शहर के विभिन्न गुरु पीठों,मठों और आश्रमों में धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके साथ ही श्रद्धालुओं के लिए गुरु पूर्णिमा की प्रसादी का भी आयोजन किया गया।
एक अगस्त से बदलेगा चार ट्रेनों का समय
सनातन धर्म संस्कृति व साधक जीवन के मुख्य पर्व गुरु पूर्णिमा पर्व पर धार्मिक स्थानों एवं गुरुजनों के मठों व आश्रमों में रूद्राभिषेक, पादुका पूजन एवं गुरु पूजन सहित अनेक धार्मिक कार्यक्रम हुए। गुरु और शिष्य के इस पावन पर्व पर शहर के अजनेश्वर आश्रम,दादा दरबार सिद्धनाथ,परमहंस किशनागिरी खरज आश्रम,मंडोर शंकर मठ, रामद्वारा में श्रद्धालुओं की भीड़ रही।
कायलाना रोड स्थित लोकेशधाम में ब्रह्मलीन आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी लोकेशानंद गिरी की पावन स्मृति में उनकी चरण पादुकाओं का विधिवत पूजन एवं आराधना श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न हुई। पूजन कार्यक्रम पंडित महेंद्र एवं पंडित सत्यनारायण के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ। धार्मिक अनुष्ठान के दौरान गुरु महिमा, सनातन धर्म की परंपरा तथा गुरु-शिष्य संबंध के महत्व पर प्रकाश डाला गया।
श्रद्धालुओं ने पुष्प,चंदन एवं अक्षत अर्पित कर ब्रह्मलीन आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी लोकेशानंद गिरी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण किया गया। तखतसागर की पहाडिय़ों में संतों की तपोभूमि सिद्धनाथ पीठ में नारायण स्वामी, नेपाली बाबा सहित तमाम गुरुजन की समाधिओं पर फूल मंडली की गई और आरती हुई। यहां गुरु पूर्णिमा पर्व के उपलक्ष में मेला भरा गया।
सुबह गुरु पादुका पूजन व धार्मिक अनुष्ठान किए गए। इसके बाद दिनभर श्रद्धालुओं के आने का क्रम जारी रहा। गुफा में कमल गिरी और बालक गिरी का गुरु भक्तों द्वारा चरण पूजन किया गया। अखिल भारतीय सैन भक्ति पीठ की ओर सैनाचार्य अचलानंदगिरि के सान्निध्य में रातानाडा माहेश्वरी भवन में गुरु पूर्णिमा महोत्सव के दौरान सामाजिक सरोकार के तहत लोगों को नशा छोडने और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया गया।
कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधियों ने सैनाचार्य का सम्मान कर आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम के तहत गुरु पादूका पूजन,हवन,गुरु दीक्षा,अभिषेक, सम्मान समारोह,गुरु पूजन सहित अनेक धार्मिक कार्यक्रम हुए। सूरसागर स्थित बड़ा रामद्वारा में गुरु पूर्णिमा उत्सव महन्त डॉ.राम प्रसाद के सानिध्य में मनाया गया। रामद्वारा में गादी,देवल,समाधि पूजन व गुरुपूजन के लिए मारवाड़ सहित देश के विभिन्न शहरों से श्रद्धालु जोधपुर पहुंचे।
किला रोड स्थित प्राचीन गुंदेश्वर महादेव मंदिर में अघोरी बाबा ज्योतिर्ष गुरु विकास महाराज के सानिध्य में गुरु पूजन महोत्सव का आयोजन हुआ। इस अवसर पर श्रद्धा,भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण के बीच 101 किलो पंचामृत एवं पुष्पों से भगवान शिव का विशेष अभिषेक किया गया। आयोजन के मुख्य संयोजक समाज सेवी पुरषोतम मूंदड़ा ने बताया कि आयोजन के दौरान सुंदरकांड पाठ,भजन- कीर्तन,गुरु पूजन तथा विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन हुआ।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण कामाख्या धाम से आए कपालिक अघोरी साधक ज्योतिर्ष गुरु विकास का आध्यात्मिक सानिध्य रहा। गुरु पूर्णिमा कार्यक्रम में सुबह गुरु पूजन,रुद्राभिषेक,भैरव पूजा की गई। अध्यात्म विज्ञान सत्संग केंद्र जोधपुर आश्रम में गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लास के साथ मनाया गया। संस्था के अध्यक्ष राजेंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि महोत्सव के दौरान गुरु पूजन,ध्यान,संजीवनी मंत्र जप,सत्संग, भजन- कीर्तन एवं महाप्रसाद सहित विभिन्न आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कमला नेहरू नगर स्थित भारत समन्वय धाम में गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा,भक्ति एवं आध्यात्मिक गरिमा के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर भारतमाता मंदिर, हरिद्वार के संस्थापक ब्रह्मलीन स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि महाराज के पावन श्रीविग्रह का पूजन एवं गुरु चरणपादुका पूजन महोत्सव संपन्न हुआ। समन्वय परिवार जोधपुर के वरिष्ठ उपाध्यक्ष रघुनाथ सांखला ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह परिसर स्थित भगवान मनकामेश्वर महादेव मंदिर में रुद्राभिषेक से हुआ। इसके उपरांत सुंदरकाण्ड पाठ का किया गया। दोपहर मेें वेदव्यास पूजन, गुरु चरणपादुका पूजन एवं आरती संपन्न हुई।
चौपासनी गांव स्थित संत मघराज सूरदास आश्रम में गुरु पूर्णिमा का महोत्सव हर्षोल्लास से मनाया गया। कार्यक्रम का आरंभ सुबह गुरुजी की चरण पादुका के पूजन के साथ हुआ। सूर भवन के ट्रस्टी लक्ष्मण सिंह राठौड़ ने बताया कि पादुका पूजन के पश्चात महा आरती का आयोजन किया गया, फिर भक्तों में प्रसादी का वितरण किया। सूरसागर, कनावतों का बास,गांव गेंवा स्थित गोगाजी महाराज धाम में साध्वी सीमा किशोरी के सान्निध्य में गुरु पूर्णिमा पर्व के दौरान गुरु पूजन व भजन वाणी का आयोजन हुआ।
मोहनपुरा स्थित पीपलेश्वर महादेव मंदिर में महंत व संस्थापक श्रीधर गिरी महाराज के सान्निध्य में गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धापूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर सुबह ब्रह्मलीन गुरुदेव का विधिवत समाधि पूजन, पूजा-अर्चना,आरती व दर्शन के बाद गुरुदेव श्रीधर गिरी महाराज का पूजन करने के साथ नाम दीक्षा का आयोजन हुआ।अखिल भारतीय कबीर पंथ संप्रदाय राजस्थान के प्रथम प्राचीन स्थान फतेहसागर ओटे के सामने स्थित सदगुरु कबीर आश्रम में आश्रम के महंत राजेन्द्र दास के सान्निध्य में गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धापूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर ध्वजारोहण के बाद गुरु महिमा पाठ-कबीर चालीसा पाठ-बीजक पाठ-गुरु पूजन दर्शन- नाम दीक्षा-समाधि दर्शन,गुरु प्रसादी, सत्संग- प्रवचन-भजन और महाआरती व गुरु पुजा का आयोजन हुआ, जिसमें अनेक संत व श्रद्धालु शामिल हुए।
मंडोर सुखाला बेरा स्थित सद्गुरु कबीर आश्रम में आश्रम के महंत रामविलास दास के सान्निध्य एवं संत बाबुदास,संत तारुदास सहित अनेक श्रद्धालुओं की मेजबानी में गुरु पुर्णिमा महोत्सव के तहत गुरु महिमा पाठ,सत्संग व प्रसादी का आयोजन हुआ, जिसमें सत्संग लाभार्थी आचुकी देवी गहलोत, नेमीचन्द,प्रभा,गीतांजली,रेणुका गहलोत आदि भक्तों ने सेवाएं प्रदान की।
चांदणा भाकर,ज्योति नगर स्थित दादू कुटीया द्वितीय में महंत सत्यराम दास के सान्निध्य में गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा पूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर दादू वाणी का पाठ,ध्वजारोहण,दीक्षा व उपदेश, सत्संग व प्रसादी का आयोजन हुआ।
तापडिया बेरा चांदपोल के बाहर बाबा प्रकाशपुरी आश्रम में चल रहे अनिश्चितकालीन अखण्ड रामायण पाठ स्थल पर गुरु पूर्णिमा पूर्णिमा पर संगोष्ठी सहित अनेक धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। आश्रम के छगनीराम गहलोत व राहुल पुरोहित ने बताया कि धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन गादीपति संत रूकमणपुरी महाराज के सानिध्य में हुआ।
कार्यक्रमों की कड़ी में रामायण पाठ में विभिन्न चौपाइयों का संगान, बाबा प्रकाशपुरी की पादुकाओं का पूजन, सेवाधारी संत सतीश पुरोहित की समाधि व विभिन्न महात्माओं के चित्रपट्ट का पूजन किया गया। प्रभु प्रेमी संघ द्वारा गुरु पूर्णिमा महोत्सव का आयोजन अग्रसेन भवन,हाउसिंग बोर्ड प्रथम पुलिया में किया गया। इस दौरान गुरु पादुका पूजन,भजन,सत्संग एवं प्रसादी का आयोजन हुआ।
ऋषिकुलधाम संस्थान सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में पावटा सी रोड शक्ति नगर स्थित ऋषिकुलधाम में सुबह रुद्राभिषेक,गीता पाठ, शंकराचार्य पूजन, गुरुदेव पूजन तथा प्रसादी का आयोजन रखा गया। ट्रस्टी भंवर लाल बाहेती ने बताया कि इस पावन अवसर पर आचार्य महामंडलेश्वर डॉ स्वामी शिव स्वरूपआनंद सरस्वती का सानिध्य एवं आशीर्वचन श्रद्धालुओं को प्राप्त हुआ। सिंवांची गेट सोहमगढ़ स्थित सतगुरु देव सोहम आश्रम में गुरु पूर्णिमा उत्सव श्रद्धापूर्वक मनाया गया।
आश्रम के प्रवक्ता सुमनेश व्यास ने बताया कि गुरु भक्त चंद्रसिंह गहलोत,राधेश्याम जोशी,पंकज शर्मा,दुलारी बहन, राधेश्याम गोयल,सोहम शर्मा,हरि शंकर व्यास, ऋचा शर्मा और राजलक्ष्मी शर्मा आदि की मेजबानी में ध्वजारोहण, सतगुरु देव सोहम बाबा की तस्वीर पर माल्यार्पण व पूजा-अर्चना के बाद प्रसादी और सोहम भजन मंडली द्वारा भजन कीर्तन का आयोजन हुआ।
कबीर आश्रम माधोबाग में महंत ज्योतिषाचार्य सुरजाराम महाराज साहेब सत्संग मंडल के तत्वावधान में गुरु पूर्णिमा पर्व श्रद्धा,भक्ति व उत्साह के साथ मनाया गया। आश्रम के गादीपति गुरुदेव डॉ.रूपचंददास के सान्निध्य में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर गुरु वंदना की। आश्रम के प्रवक्ता इंजीनियर लक्ष्मीचंद धारिवाल ने बताया कि इस दौरान सभी शिष्यों एवं भक्तों ने गुरुदेव की चरण पादुका का विधि-विधान से पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
