शातिर वाहन चोर हिस्ट्रीशीटर सहित दो गिरफ्तार
- चोरी की छह गाड़ियां बरामद
- अब तक की 13 वारदातों का खुलासा
- नशे के लिए चुराते वाहन -मुंह पर कपड़ा बांध करते वारदात
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),शातिर वाहन चोर हिस्ट्रीशीटर सहित दो गिरफ्तार। शहर की महामंदिर पुलिस ने शातिर चोरों को पकड़ कर छह गाडिय़ां बरामद की है। एक आरोपी हिस्ट्रीशीटर है। पूछताछ में 13 वारदातें करना स्वीकार किया है। पकड़े गए अभियुक्तों से अग्रिम अनुसंधान किया जा रहा है। आरोपी वारदात करने से पहले अपने मुंह पर कपड़े से ढक देते थे। नशे के भी आदी है।
पुलिस उपायुक्त मनीष कुमार ने बताया कि एडीसीपी वीरेन्द्रसिंह एवं एसीपी पूर्व के निकटतम पर्यवेक्षण में बढ़ती वाहन चोरी की वारदातों पर अंकुश के लिए महामंदिर थानाधिकारी देवेंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। पुलिस ने जालोर जिले के भाद्राजून स्थित उंदरा हाल चौपासनी हाउसिंग बोर्ड निवासी मुकेश उर्फ हापूडा पुत्र दयाराम ओड और खुनखुना कुचामन हाल रावजी की पोल सूथला निवासी कार्तिक वैष्णव पुत्र कानदास वैष्णव को गिरफ्तार किया है।
परिवादी महावीर सिंह निवासी इमरतिया बेरा ने 5 जून को अपनी बाइक चोरी की रिपोर्ट दी थी। इसके अनुसार इसकी बाइक पावटा सी रोड पुल के नीचे से चोरी हो गई।
छह गाड़ियां बरामद
पुलिस ने वाहन चोरों के आने जाने के रूट में पड़ने वाले सैकडों सीसीटीवी कैमरों का गहनता से अवलोकन करते हुए वाहन चोरों मुकेश उर्फ हापुड़ा तथा कार्तिक वैष्णव को दस्त्याब किया। इनके पास से चोरी छह गाडिय़ां बरामद हुई। 7 अन्य जगहों से मोटरसाईकिलें चोरी करना स्वीकार किया है, जिनकी बरामदगी के प्रयास जारी है।
नशेड़ी और आदतन बदमाश
थानाधिकारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी आले दर्जे के नशेड़ी तथा आदतन बदमाश हैं। आरोपी कार्तिक वैष्णव जो पुलिस थाना प्रतापनगर जोधपुर पश्चिम का एचएस अपराधी है जिसके विरूद्ध 26 प्रकरण दर्ज हैं। दोनों आरोपी जो शातिर प्रवृति के चोर हैं,जो नशे की हालात मे जोधपुर शहर में अलग-अलग स्थानों पर घूमते रहते है तथा वक्त वारदात अपना मुंह बांधकर रखते है। जिससे अपनी पहचान छुपा सके। जो वाहन चोरी की टोह मे रहते है,मौका मिलने पर दुपट्टे से मुंह ढककर दुपहिया वाहन चोरी को अंजाम देते हैं,जो चोरी की वारदात कर छोटे रास्तों से होकर वाहन सहित फरार हो जाते हैं।
यह वारदातें की स्वीकार
आरोपियों ने मिनर्वा सेंटर से 3,कचहरी परिसर से 2, पावटी बी रोड पर एक, बासनी से दो,रायबहादुर मार्केट के बाहर 3, एमजीएच के पास दो वारदाते करना स्वीकार किया है। पुलिस टीम में एएसआई महावीरसिंह, कांस्टेबल प्रकाश,रतन गुर्जर आदि शामिल थे।
