राजस्थान की जनता ने ट्रिपल इंजन की सरकार का जनादेश दिया: पूनिया

भाजपा के के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ.सतीश पूनिया ने पंजाब की ‘आप’ सरकार पर निशाना साधा

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),राजस्थान की जनता ने ट्रिपल इंजन की सरकार का जनादेश दिया: पूनिया। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री और राज्यसभा सांसद डॉ.सतीश पूनिया ने कहा कि पार्टी ही नहीं,बल्कि समाज और जीवन के हर क्षेत्र में जो व्यक्ति परिश्रम करता है,उसको सफलता मिलती है। सफलता भले ही देर से मिले,लेकिन मेहनत करने वाले व्यक्ति को समाज,दल और संगठन में मान्यता जरूर मिलती है।

वे रविवार को जोधपुर पहुंचे। जोधपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका माला पहनाकर जोरदार स्वागत किया। इस दौरान पूनिया ने राजस्थान के निकाय चुनावों को लेकर कहा कि फिलहाल उन्हें पंजाब की जिम्मेदारी मिली है और उन्होंने वहां काम शुरू कर दिया है। राजस्थान के निकाय चुनावों को लेकर उन्होंने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि राजस्थान की जनता ने ट्रिपल इंजन सरकार के पक्ष में अपना जनादेश तय किया है और प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी अच्छे बहुमत के साथ सभी निकाय में बोर्ड बनाएगी।

निकाय चुनाव में बीजेपी की प्रचंड जीत का दावा

पंजाब को लेकर डॉ. पूनिया ने आम आदमी पार्टी की सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पंजाब कभी देश का सिरमौर माना जाता था। पंजाब के खिलाड़ी और जवान पूरे देश में विख्यात रहे हैं। पंजाब की संस्कृति और खान- पान की भी अलग पहचान रही है,लेकिन आज नशे ने पंजाब की जवानी को छीन लिया है। उन्होंने कहा कि नशे के कारण पंजाब में कानून- व्यवस्था की चुनौती भी खड़ी हुई है। साथ ही उन्होंने आम आदमी पार्टी की सरकार पर भ्रष्टाचार को लेकर भी हमला बोला और कहा कि सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार का तांडव किसी से छिपा नहीं है।

नशे के विरुद्ध अभियान शुरू कर रहे पूनिया ने बताया कि पंजाब में नशे को लेकर जागरूकता फैलाने के लिए 18 तारीख से अभियान शुरू कर रहे हैं,जिसकी शुरुआत राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन करेंगे। चार यात्राएं पूरे प्रदेश में निकलेगी,जिसका समापन गृह मंत्री अमित शाह करेंगे। पूनिया ने बताया कि गृह मंत्री का 2029 तक देश को ड्रग फ्री करने का संकल्प पूरा होगा।

पंजाब के भाजपा और कांग्रेस प्रभारी राजस्थान से होने का कोई चुनौती के सवाल पर कहा कि हमारे यहां जो जिम्मेदारी दी जाती है उसे शिद्दत से पूरा करते हैं। हम सब मिलकर वहां बदलाव करेंगे।