100 वार्डों के 385 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला आज
- तीन घंटे में साफ हो जाएगी चुनाव परिणाम की तस्वीर
- 117 राउंड में होगी मतगणना
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),100 वार्डों के 385 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला आज। नगर निगम चुनाव में 100 वार्डों से मैदान में उतरे 385 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला सोमवार को होगा। सुबह 8 बजे से शहर के पॉलोटेक्निक कॉलेज में काउंटिंग शुरू हो जाएगी।
काउंटिंग की शुरुआत डाक मतपत्रों की गिनती से की जाएगी, इसके बाद अन्य मतों की गणना होगी। इसके लिए पॉलिटेक्निक कॉलेज के 10 रूम में वार्ड अनुसार अलग-अलग टेबल लगाई गई है। मतगणना के लिए 117 राउंड निर्धारित किए गए हैं और प्रशासन के मुताबिक करीब तीन घंटे में चुनाव परिणाम की तस्वीर साफ हो जाएगी।
इसके साथ ही पता चल जाएगा कि कौनसे वार्ड से कौनसी पार्टी का प्रत्याशी पार्षद का चुनाव जीता है। काउंटिंग शुरू होने के साथ ही वार्डवार रुझान सामने आने लगेंगे। ऐसे में प्रत्याशियों और राजनीतिक दलों की नजरें मतगणना केंद्रों पर टिकी रहेंगी।
मतगणना एवं स्ट्रांग रूम की विस्तृत कार्ययोजना जारी
जिला निर्वाचन अधिकारी (जिला कलक्टर) (नगर पालिका) जोधपुर आलोक रंजन ने नगर निगम आम चुनाव-2026 की मतगणना के लिए विस्तृत कार्ययोजना जारी की है। इसके तहत मतगणना स्थल पर प्रवेश, पार्किंग,स्ट्रांग रूम, मतगणना कक्ष,ईवीएम टेबल,राउंड तथा अभ्यर्थियों एवं गणन अभिकर्ताओं के लिए प्रतीक्षा व्यवस्था निर्धारित की गई है। जारी आदेश के अनुसार नगर निगम जोधपुर के वार्डों की मतगणना 14 सितंबर 2026 को सुबह 8 बजे से राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय परिसर, जोधपुर में शुरू होगी।
मतगणना के दौरान वार्डवार निर्धारित व्यवस्थाओं के अनुसार संबंधित अभ्यर्थियों एवं गणन अभिकर्ताओं को ही संबंधित मतगणना कक्ष में उपस्थित रहने की अनुमति होगी।
इस बार वोटिंग में टूटा है रिकॉर्ड
जोधपुर नगर निगम में 100 वार्ड है, यहां 385 प्रत्याशी चुनाव मैदान में है। इसमें कांग्रेस और भाजपा के 100-100 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। वहीं अन्य दलों और निर्दलीय की संख्या 185 हैं। कुल 7 लाख 12 हजार 164 मतदाता में से 5 लाख 12 हजार 410 मतदाताओं ने अपने वोट का उपयोग किया। जोधपुर में मतदान प्रतिशत 71.95 प्रतिशत रहा।
