1 मई से बदल जाएंगे मंडोर एक्सप्रेस के नंबर व कोच संरचना
- प्राइमरी मेंटेनेंस की जिम्मेदारी अब जोधपुर को
- अब नई कोच संरचना के साथ दौड़ेगी लोकप्रिय ट्रेन
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),1 मई से बदल जाएंगे मंडोर एक्सप्रेस के नंबर व कोच संरचना। पश्चिमी राजस्थान को राजधानी दिल्ली से जोड़ने वाली जोधपुर-दिल्ली मंडोर सुपरफास्ट एक्सप्रेस शुक्रवार से नए नंबरों और परिवर्तित कोच संरचना के साथ दौड़ेगी। ट्रेन में यह महत्व पूर्ण परिवर्तन शुक्रवार से प्रभावी हो रहे हैं।इसके साथ ही ट्रेन के प्राइमरी मेंटेनेंस की जिम्मेदारी पश्चिम रेलवे से बदलकर उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल को सौंपी जा रही है।
उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक करनी राम ने बताया कि ट्रेन संख्या 22996 जोधपुर-दिल्ली मंडोर सुपरफास्ट एक्सप्रेस का नंबर परिवर्तित कर 22491 किया जा रहा है,जो शुक्रवार 1 मई से प्रभावी होगा। इसी प्रकार ट्रेन संख्या 22995 दिल्ली-जोधपुर का नंबर परिवर्तित कर 22492 किया जा रहा है,जो 2 मई से प्रभावी हो जाएगा।
उन्होंने बताया कि नई व्यवस्था के तहत उक्त ट्रेन का प्राइमरी मेंटेनेंस अब जोधपुर मंडल द्वारा किया जाएगा,जिससे संचालन एवं अनुरक्षण कार्यों में बेहतर समन्वय स्थापित होगा।
पानी की बोतल महंगी बेचने पर 3 हजार का जुर्माना,स्टॉल बंद
कोच संरचना में भी परिवर्तन
इसके अतिरिक्त 1 मई 2026 से ट्रेन की कोच संरचना में भी संशोधन किया जा रहा है। संशोधित संरचना के अनुसार ट्रेन में कुल 23 कोच होंगे,जिनमें 1 फर्स्ट एसी,3 सेकंड एसी,6 थर्ड एसी,1 थर्ड एसी इकोनॉमी,6 स्लीपर,4 सामान्य श्रेणी (जनरल),1 पावर कार एवं 1 गार्ड/ब्रेक वैन सम्मिलित हैं।
यात्रियों के लिए है महत्वपूर्ण सूचना
-नए ट्रेन नंबर 22491/22492 एक मई से जोधपुर और 2 मई से दिल्ली से लागू होंगे।
-1 मई या उसके बाद की यात्रा हेतु टिकट बुकिंग में नए नंबर का ही उपयोग करें।
-कोच संरचना में परिवर्तन के कारण सीट/कोच स्थिति में बदलाव संभव है।
-यात्रा से पूर्व ट्रेन का समय,प्लेट फॉर्म एवं स्थिति अवश्य जांच लें।
-ट्रेन के नंबर और डिब्बों की संरचना में परिवर्तन के कारण ट्रेन के संचालन समय और स्टॉपेज में कोई बदलाव नही किया गया है।
