प्रशासन की तरफ से तैयारियों पर जोर, पुलिस ने किया रूट मार्च
- दशहरा बुधवार को मनाया जाएगा
- रावण का चबूतरा स्थल पर रावण के पुतले हो रहे हैं तैयार
- जिला कलेक्टर न डीसीपी पूर्व ने किया निरीक्षण
जोधपुर,शहर में दशहरा का पर्व बुधवार को मनाया जाएगा। रावण का चबूतरा स्थल पर पुतले बनाए जाने का काम जोरों पर है। संभवत: मंगलवार की शाम तक पुतलों को खड़ा कर दिया जाएगा। जिला प्रशासन तैयारियों में जुटा है। पुलिस ने भी सुरक्षा के लिहाज से रूट मार्च आरंभ किया है। कानून व्यवस्था के मद्देनजर आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए गए हैं।
जिला कलेक्टर हिमांशु गुप्ता एवं डीसीपी ईस्ट डॉ.अमृता दुहन ने रविवार को प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारियों की टीम के साथ आगामी विजयादशमी पर्व पर आयोजित होने वाली परम्परागत शोभायात्रा के मार्ग का निरीक्षण किया और इससे संबंधित तमाम व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए जरूरी दिशा-निर्देश प्रदान किए।
फतेहपोल से जालोरी चौराहा तक पैदल निरीक्षण
जिला कलेक्टर एवं डीसीपी ईस्ट के नेतृत्व में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने पैदल चलकर मेहरानगढ़ से फतेहपोल तथा शहर के विभिन्न भीतरी क्षेत्रों से होते हुए जालोरी गेट चौराहे तक का अवलोकन किया।
शोभायात्रा मार्ग का विस्तार से लिया जायजा
अधिकारियों ने सडक़ के पैचवर्क कार्य तथा मरम्मत कार्य को बारीकी से देखा तथा संबंधितों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। जिला कलेक्टर हिमांशु गुप्ता के अनुसार आगामी विजयादशमी के पर्व पर निकलने वाली शोभायात्रा वाली सडक़ की मरम्मत एवं पैच वर्क कार्य लगभग पूर्ण हो चुके हैं, जो शेष हैं उन्हें शीघ्र ही पूरा कराने के लिए संबंधित को निर्देशित कर दिया गया है।
सोशल मीडिया पर भी रहेगी पैनी नजऱ
निरीक्षण के समय पुलिस उपायुक्त पूर्व डॉ. अमृता दुहन ने बताया कि आगामी विजयादशमी पर होने वाली शोभायात्रा के लिए पुलिस प्रशासन मुस्तैद है। उन्होंने बताया कि पुलिस की ओर से इस समय पर्याप्त जाब्ता व समुचित सुरक्षा व्यवस्था के हरसंभव बेहतर प्रबन्ध रहेंगे। इसके साथ ही ड्रोन एवं सादा वस्त्रधारी पुलिस फोर्स के साथ सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त सुनिश्चित किए गए हैं। सोशल मीडिया पर भी पुलिस प्रशासन की लगातार कड़ी नजर रहेगी।
दूरदृष्टिन्यूज़ की एप्लिकेशन डाउनलोड करें-http://play.google.com/store/apps/details?id=com.digital.doordrishtinews