सोमवार को राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में होगी नगर निगम चुनाव की मतगणना
- जिला निर्वाचन अधिकारी ने जारी की मतगणना एवं स्ट्रांग रूम की विस्तृत कार्ययोजना
- जिला निर्वाचन अधिकारी ने प्रवेश, पार्किंग,मोबाइल फोन एवं अभ्यर्थियों-गणन अभिकर्ताओं के लिए पृथक व्यवस्थाओं के संबंध में दिए निर्देश
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),सोमवार को राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में होगी नगर निगम चुनाव की मतगणना। जिला निर्वाचन अधिकारी (जिला कलक्टर)(नगर पालिका) जोधपुर आलोक रंजन ने नगर निगम आम चुनाव-2026 की मतगणना के लिए विस्तृत कार्ययोजना जारी की है।
सरकारी अस्पताल में ब्रेन एन्यूरिज्म का WEB डिवाइस से सफल उपचार
इसके तहत मतगणना स्थल पर प्रवेश,पार्किंग, स्ट्रांग रूम,मतगणना कक्ष,ईवीएम टेबल,राउंड तथा अभ्यर्थियों एवं गणन अभिकर्ताओं के लिए प्रतीक्षा व्यवस्था निर्धारित की गई है।
जारी आदेश के अनुसार नगर निगम जोधपुर के वार्डों की मतगणना 14 सितंबर 2026 को प्रातः 8 बजे से राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय परिसर, जोधपुर में शुरू होगी। मतगणना के दौरान वार्डवार निर्धारित व्यवस्थाओं के अनुसार संबंधित अभ्यर्थियों एवं गणन अभिकर्ताओं को ही संबंधित मतगणना कक्ष में उपस्थित रहने की अनुमति होगी।
मतगणना स्थल पर वार्डवार प्रवेश व्यवस्था
अभ्यर्थियों,गणन अभिकर्ताओं,सरकारी कार्मिकों एवं मीडिया कर्मियों के लिए पीली टंकी वाले गेट से प्रवेश की व्यवस्था रहेगी तथा निर्धारित श्रेणी वार वाहनों की पार्किंग एमआईसी के पास अलग-अलग ब्लॉक्स में की जाएगी।
मतगणना स्थल पर अभ्यर्थियों,गणन अभिकर्ताओं, सरकारी कार्मिकों एवं मीडिया कर्मियों के लिए पृथक प्रवेश व्यवस्था निर्धारित की गई है। राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय के पीछे स्थित गेट संख्या 1 से निर्धारित कार्मिकों एवं मीडियाकर्मियों को प्रवेश दिया जाएगा।
इसी क्रम में अभ्यर्थियों, गणन अभिकर्ताओं, सरकारी कार्मिकों एवं मीडियाकर्मियों से अपील की गई है कि प्रातः 7.30 बजे तक अपने नियोजित स्थान पर पहुंचे,ताकि समुचित प्रवेश व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
वार्ड 1 से 10 तथा 91 से 100 के अभ्यर्थियों एवं गणन अभिकर्ताओं के लिए गेट संख्या 2,वार्ड 11 से 40, 51 से 60 तथा 81 से 90 के लिए गेट संख्या 3 तथा वार्ड 41 से 50 एवं 61 से 80 के अभ्यर्थियों एवं गणन अभिकर्ताओं के लिए गेट संख्या 5 निर्धारित किया गया है।
मोबाइल फोन लाने पर रहेगी रोक
जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि मतगणना स्थल पर अभ्यर्थियों एवं गणन अभिकर्ताओं का मोबाइल फोन लाना निषिद्ध रहेगा। अतः वे मोबाइल फोन साथ न लाएं अथवा अपने वाहन में ही छोड़कर आएं। निर्धारित प्रवेश पास एवं निर्देशों के अनुसार सरकारी कर्मचारियों एवं मीडियाकर्मियों को मोबाइल फोन रखने की अनुमति रहेगी।
वार्डवार मतगणना व्यवस्था
वार्ड 1 से 10 के 78 मतदान केंद्रों की मतगणना भू-तल स्थित कक्ष D-3 में होगी। 11 ईवीएम टेबल पर 10 राउंड में मतगणना होगी।
वार्ड 11 से 20 के 56 मतदान केंद्रों की मतगणना प्रथम तल स्थित कक्ष D-9 में होगी। 6 ईवीएम टेबल पर 12 राउंड में मतगणना होगी।
वार्ड 21 से 30 के 65 मतदान केंद्रों की मतगणना प्रथम तल स्थित कक्ष D-9 में होगी। 6 टेबल पर 13 राउंड में गणना होगी।
वार्ड 31 से 40 के 74 मतदान केंद्रों की मतगणना प्रथम तल स्थित कक्ष D-7 में होगी। 11 टेबल पर 10 राउंड में गणना होगी।
वार्ड 41 से 50 के 67 मतदान केंद्रों की मतगणना प्रथम तल स्थित कम्यूनिकेशन लैब में होगी। 6 टेबल पर 14 राउंड में गणना होगी।
वार्ड 51 से 60 के 75 मतदान केंद्रों की मतगणना प्रथम तल स्थित कक्ष D-8 में होगी। 10 ईवीएम टेबल पर 10 राउंड में गणना होगी।
वार्ड 61 से 70 के 70 मतदान केंद्रों की मतगणना प्रथम तल स्थित कम्यूनिकेशन लैब में होगी। 6 टेबल पर 16 राउंड में गणना होगी।
वार्ड 71 से 80 के 77 मतदान केंद्रों की मतगणना इलेक्ट्रिकल वर्कशॉप में होगी। 10 टेबल पर 10 राउंड में गणना होगी।
वार्ड 81 से 90 के 79 मतदान केंद्रों की मतगणना प्रथम तल स्थित कक्ष D-10 में होगी। 10 ईवीएम टेबल पर 10 राउंड में गणना होगी।
वार्ड 91 से 100 के 88 मतदान केंद्रों की मतगणना भू-तल स्थित क्लासरूम में होगी। 11 टेबल पर 12 राउंड में मतगणना पूरी की जाएगी।
वार्डवार गणन अभिकर्ताओं के लिए पृथक प्रतीक्षा व्यवस्था
मतगणना के दौरान समस्त सहायक रिटर्निंग अधिकारी (एआरओ) द्वारा वार्डवार मतगणना की जाएगी। जिस वार्ड की मतगणना चल रही होगी,केवल उसी वार्ड के गणन अभिकर्ताओं को संबंधित मतगणना कक्ष में उपस्थित रहने की अनुमति होगी। अन्य वार्डों के गणन अभिकर्ताओं के लिए मतगणना स्थल पर पृथक प्रतीक्षा व्यवस्था निर्धारित की गई है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी संबंधितों से निर्धारित प्रवेश द्वार, पास,पार्किंग एवं अन्य व्यवस्थाओं का पालन सुनिश्चित करने तथा मतगणना प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपादित करने में सहयोग की अपील की है।
