जोजरी नदी से महज 100 मीटर दूरी पर चल रही टेक्सटाइल फैक्ट्री का खुलासा

  • विवेक विहार थाना व डीएसटी की कार्रवाई
  • रेड श्रेणी की फैक्ट्री संचालन को लेकर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से पत्राचार

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),जोजरी नदी से महज 100 मीटर दूरी पर चल रही टेक्सटाइल फैक्ट्री का खुलासा। जोजरी नदी में प्रदूषण फैलाने वाली फैक्ट्रियों के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत विवेक विहार पुलिस और डीएसटी ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए उद्योग नगर टेक्सटाइल्स स्थित सुमरा फैब्रिक्स फैक्ट्री का निरीक्षण किया। पुलिस के अनुसार फैक्ट्री जोजरी नदी से करीब 100 मीटर की परिधि में संचालित पाई गई।

पुलिस टीम ने 13 सितंबर को फैक्ट्री पहुंचकर निरीक्षण किया। मौके पर मो.आरिफ निवासी बालोतरा,हाल जोधपुर मिला। पूछताछ में उसने फैक्ट्री में कपड़ों की धुलाई का काम होना बताया। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के इंस्पेक्टर जितेन्द्र सारस्वत से जानकारी लेने पर बताया गया कि संबंधित टेक्सटाइल उद्योग रेड श्रेणी में आता है।

पुलिस के अनुसार सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के तहत जोजरी नदी के आसपास निर्धारित दूरी में निर्माण, कचरा फेंकने अथवा खतरनाक फैक्ट्री संचालन पर प्रतिबंध संबंधी प्रावधान हैं।
पुलिस ने बताया कि फैक्ट्री जोजरी नदी से करीब 100 मीटर की दूरी पर संचालित होने के कारण मामले में क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड,नोडल अधिकारी हाई लेवल इकोसिस्टम ओवरसाइट कमेटी तथा तहसीलदार लूणी से पत्राचार किया गया है।

मामले में संबंधित विभागों की रिपोर्ट और आगामी कार्रवाई महत्व पूर्ण होगी। जोजरी नदी में प्रदूषण फैलाने वाली फैक्ट्रियों के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत विवेक विहार पुलिस और डीएसटी ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए उद्योग नगर टेक्सटाइल्स स्थित सुमरा फैब्रिक्स फैक्ट्री का निरीक्षण किया।