जोजरी नदी में गंदा पानी डालने जा रहा सीवर टैंकर जब्त
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),जोजरी नदी में गंदा पानी डालने जा रहा सीवर टैंकर जब्त। जोधपुर पश्चिम पुलिस ने पर्यावरण प्रदूषण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जोजरी नदी में बिना ट्रीटमेंट सीवरेज का गंदा पानी डालने जा रहे एक सीवर मशीन टैंकर को जब्त किया है। पुलिस ने टैंकर में भरे गंदे पानी के सैंपल संरक्षित करवाकर प्रदूषण बोर्ड के अधिकारियों को सूचना दी तथा चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया।
पुलिस के अनुसार रविवार को विवेक विहार थाना पुलिस की टीम गश्त पर थी। इस दौरान कुड़ी भगतासनी गांव के पास जोधपुर-पाली रोड स्थित जोजरी नदी पुलिया के नजदीक एक सीवर मशीन टैंकर नदी की ओर जाता दिखाई दिया। पुलिस ने टैंकर को नदी किनारे रुकवाकर जांच की।
रांकावत वैष्णव समाज का सामूहिक विवाह 20 नवंबर को
पूछताछ में चालक सुनील (31) निवासी लवेरा बावड़ी ने टैंकर में सीवरेज के होद का पानी भरा होना तथा उसे जोजरी नदी में खाली करने के लिए ले जाना बताया। पुलिस के मुताबिक पानी बिना ट्रीटमेंट का था। इसके बाद टैंकर को जब्त कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि बिना ट्रीटेड सीवरेज का पानी नदी में डालने से जल प्रदूषण और संक्रमण फैलने का खतरा पैदा हो सकता था।
मामले की जांच एसआई टी के एडीसीपी प्रवीण कुमार आरपीएस द्वारा की जा रही है।
