Doordrishti News Logo

द्वितीय श्रेणी अध्यापक प्रतियोगी परीक्षा आज से

  • 17 जुलाई तक चलेगी परीक्षाएं
  • जोधपुर में विभिन्न पारियों में होगी परीक्षा
  • 1.27 लाख से अधिक परीक्षार्थी होंगे शामिल

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),द्वितीय श्रेणी अध्यापक प्रतियोगी परीक्षा आज से। राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित द्वितीय श्रेणी अध्यापक प्रतियोगी परीक्षा का आयोजन जोधपुर जिले में 12 से 17 जुलाई,2026 तक विभिन्न पारियों में किया जाएगा। परीक्षा के सफल,निष्पक्ष एवं शांति पूर्ण संचालन के लिए जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली हैं।

बंद पड़ी फैक्ट्री से 20 लाख का सामान चोरी

परीक्षा समन्वयक एवं अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर दौलतराम चौधरी ने बताया कि 12,13,14, 16 एवं 17 जुलाई को परीक्षा दो-दो पारियों में तथा 15 जुलाई को एक पारी में आयोजित होगी। 12 जुलाई को जिले के 100 परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। परीक्षा में प्रदेश के जोधपुर,बालोतरा, बाड़मेर, जैसलमेर एवं फलोदी जिलों के अभ्यर्थी सम्मिलित होंगे।

उन्होंने बताया कि 12 जुलाई को 31 हजार 555, 13 जुलाई को 26 हजार 467 तथा 14 जुलाई को प्रथम पारी में 21 हजार 500 एवं द्वितीय पारी में 15 हजार 999 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। इसी प्रकार 15 जुलाई को एकमात्र पारी में 5 हजार 552,16 जुलाई को प्रथम पारी में 13 हजार 93 एवं द्वितीय पारी में 7 हजार 819 तथा 17 जुलाई को प्रथम पारी में 4 हजार 544 एवं द्वितीय पारी में 747 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। छह दिवसीय परीक्षा कार्यक्रम के दौरान विभिन्न पारियों में कुल 1 लाख 27 हजार 276 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं।

परीक्षा समन्वयक ने बताया कि परीक्षा के सफल संचालन के लिए जिला प्रशासन द्वारा विद्युत आपूर्ति, पेयजल,चिकित्सा सुविधा,यातायात,रेल एवं बस परिवहन सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। परीक्षा केन्द्रों पर पर्याप्त पुलिस जाब्ता तैनात रहेगा तथा डमी परीक्षार्थियों एवं अन्य अनुचित गतिविधियों की रोकथाम के लिए प्रभावी निगरानी रखी जाएगी।

परीक्षा के दौरान सतर्कता दल एवं राजपत्रित अधिकारियों द्वारा परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण किया जाएगा तथा परीक्षा सामग्री के वितरण एवं संग्रहण की समुचित व्यवस्था की गई है। उन्होंने अभ्यर्थियों से अपील की कि वे आयोग के दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित करें। जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।