प्रमुख शासन सचिव ने एम्स एवं पावटा अस्पताल का किया निरीक्षण

  • मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रमुख शासन सचिव पहुँची जोधपुर
  • चिकित्सा व्यवस्थाओं का लिया जायजा
  • प्रसूताओं के स्वास्थ्य एवं उपचार की प्रगति की ली जानकारी
  • चौबीसों घंटे निगरानी एवं सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),प्रमुख शासन सचिव ने एम्स एवं पावटा अस्पताल का किया निरीक्षण। जोधपुर में प्रसूताओं का स्वास्थ्य बिगड़ने के प्रकरण को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गंभीरता से लेते हुए संवेदनशीलता के साथ मॉनिटरिंग किया जा रहा है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ सोमवार देर रात्रि जोधपुर पहुंचीं तथा भर्ती प्रसूताओं को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर वस्तुस्थिति की जानकारी ली।

 इसे भी पढ़िए – पावटा अस्पताल में सिजेरियन के बाद 8 प्रसूताओं की बिगड़ी हालत,ICU में भर्ती

एम्स पहुंचकर दोनों प्रसूताओं के उपचार की प्रगति की जानकारी ली
प्रमुख शासन सचिव ने जोधपुर पहुंचने के उपरांत सर्वप्रथम अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स),जोधपुर पहुंचकर भर्ती दोनों प्रसूताओं के स्वास्थ्य एवं उपचार की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों से उपचार,चिकित्सा प्रबंधन एवं उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की तथा कई निर्देश दिए।

पावटा अस्पताल पहुंचकर भर्ती छह प्रसूताओं से की मुलाकात
एम्स के निरीक्षण के उपरांत राठौड़ पावटा जिला अस्पताल पहुंचीं, जहां उन्होंने भर्ती छह प्रसूताओं से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य एवं उपचार की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने मरीजों की फाइलों का अवलोकन कर प्रत्येक मरीज की स्वास्थ्य स्थिति,उपचार,जांच एवं चिकित्सकीय प्रबंधन की विस्तृत जानकारी ली।

प्रमुख शासन सचिव ने उपचाररत चिकित्सकों एवं अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी मरीजों की चौबीसों घंटे समुचित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए तथा प्रत्येक मरीज की स्थिति पर सतत निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि मरीजों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की शिथिलता नहीं बरती जाए।

प्रमुख शासन सचिव ने भर्ती प्रसूताओं के परिजनों से भी मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा उन्हें भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार पूरे प्रकरण की संवेदनशीलता के साथ निगरानी कर रही है तथा मरीजों के उपचार में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।

निरीक्षण के दौरान कलक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट आलोक रंजन, डॉ.एसएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य एवं नियंत्रक डॉ. बीएस जोधा सहित चिकित्सा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

आज होगी विस्तृत समीक्षा बैठक
प्रमुख शासन सचिव मंगलवार प्रातः संबंधित अधिकारियों के साथ प्रकरण की विस्तृत समीक्षा करेंगी तथा उपचार, चिकित्सा प्रबंधन,जांच की प्रगति एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की बिंदुवार समीक्षा कर दिशा-निर्देश देंगी। उन्होंने कहा कि मरीजों की सुरक्षा एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा पूरे प्रकरण की लगातार उच्च स्तर पर मॉनिटरिंग की जा रही है।

Related posts: