Doordrishti News Logo

अब एक छत के नीचे होंगे रेलवे के सारे कंट्रोल रूम

  • विद्युतीकरण कार्यों की होगी मोनिटरिंग
  • मार्च 2023 तक होगा तैयार

जोधपुर,उत्तर-पश्चिम रेलवे के जोधपुर डीआरएम ऑफिस में कार्यरत सभी शाखाओं के कंट्रोल रूम जल्द ही एक छत के नीचे होंगे। इसके लिए पांच करोड़ रुपए की लागत से एक रिमोट कंट्रोल सेंटर का निर्माण करवाया जा रहा है। मंडल रेल प्रबंधक गीतिका पांडेय ने बताया कि मंडल कार्यालय में विभिन्न कंट्रोल रूम स्थापित हैं जिसमें वाणिज्य,परिचालन,बिजली, कर्षण,इंजीनियरिंग इत्यादि प्रमुख हैं, इनमें बेहतर तालमेल विकसित करने और रेल कार्य में सुगमता लाने के महत्ती उद्देश्य से डीआरएम ऑफिस परिसर में दो मंजिला रिमोट कंट्रोल सेंटर का निर्माण कार्य करवाया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि करीब पांच करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले इस सेंटर के प्रथम तल पर गति शक्ति टर्मिनल का कार्यालय होगा तथा दूसरी मंजिल पर सभी ब्रांचों के रिमोट कंट्रोल होंगे। नए भवन से मंडल पर चल रहे विद्युतीकरण कार्यों की मॉनिटरिंग भी हो सकेगी। डीआरएम के अनुसार नए सेंटर से जोधपुर मंडल के विद्युतीकरण कार्य की मॉनिटरिंग के साथ-साथ मंडल से चलने और गुजरने वाली सभी ट्रेनों तथा निकट भविष्य में प्रारंभ होने वाले इलेक्ट्रिक ट्रेनों की मॉनिटरिंग भी इसी सेंटर से की जाएगी। इस बहुद्देश्यीय सेंटर का निर्माण अगले वर्ष मार्च तक पूरा करने का लक्ष्य है।

दूरदृष्टिन्यूज़ की एप्लिकेशन डाउनलोड करें- http://play.google.com/store/apps/details?id=com.digital.doordrishtinews