monsoon-farewell-till-october-5-dry-weather-in-jodhpur

मानसून की विदाई पांच अक्टूबर तक, जोधपुर में बना मौसम शुष्क

जोधपुर,पश्चिमी राजस्थान में अब मौसम शुष्क बन गया है। यहां पर मानसून की विदाई हो चुकी है। मगर प्रदेश में मानसून विदाई तकरीबन 5 अक्टूबर तक हो जाएगी। कुछेक जिलों में अभी बारिश का दौर बना हुआ है।

राजस्थान में पिछले कुछ दिनों से चल रहा बारिश का दौर आज थम गया है। पिछले 24 घंटे में भरतपुर-अलवर को छोड़क़र प्रदेश में कहीं भी बरसात नहीं हुई। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो राज्य में 5 अक्टूबर तक मानसून की विदाई हो सकती है। राजस्थान में अब तक 592.5 मिमी बारिश हो चुकी है, जो सामान्य से 37 फीसदी ज्यादा है। अब कड़ाके की सर्दी पड़ेगी।

बंगाल की खाड़ी में बना नया सिस्टम

बंगाल की खाड़ी से आए साइक्लोनिक सिस्टम के कारण राजस्थान में पिछले दिनों से चला बारिश का दौर थम गया। राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। पाकिस्तान,गुजरात से लगते हिस्से में एक एंटी साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने से राज्य में अब वापस वेस्टर्न विंड (पश्चिमी हवा) का प्रभाव बढऩे लगेगा, जिससे तापमान में बढ़ोतरी होगी।

मारवाड से मानसून विदा

मानसून की विदाई का जो ट्रेंड पिछले 3-4 साल से बना हुआ है, वह इस बार भी देखने को मिल सकता है। वर्तमान में जोधपुर,जैसलमेर,बीकानेर,बाड़मेर से मानसून विदा हो चुका है। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो एक सप्ताह में राजस्थान के अन्य हिस्सों से भी मानसून की विदाई शुरू हो जाएगी। संभावना है कि 4 या 5 अक्टूबर तक पूरे राजस्थान से मानसून की विदाई हो सकती है। इधर, मौसम विभाग की मानें तो राजस्थान से मानसून की विदाई 15 से 17 सितम्बर के बीच शुरू हो जाती है और राज्य से 30 सितम्बर तक मानसून के विदा होने की सामान्य तारीख मानी जाती है।

दूरदृष्टिन्यूज़ की एप्लिकेशन डाउनलोड करें-http://play.google.com/store/apps/details?id=com.digital.doordrishtinews