रेलवे अस्पताल में बड़ी सर्जरी 80 फीसदी बढ़ी
- पहली तिमाही में 148 बड़ी सर्जरी
- 57 स्वास्थ्य शिविर और सभी मेडिकल प्रतिपूर्ति मामलों का समयबद्ध निस्तारण
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),रेलवे अस्पताल में बड़ी सर्जरी 80 फीसदी बढ़ी। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल का रेलवे अस्पताल कर्मचारियों और उनके आश्रितों के लिए तेजी से भरोसे का केंद्र बनता जा रहा है।
आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं, विशेषज्ञ चिकित्सकों और बेहतर स्वास्थ्य प्रबंधन के कारण वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में अस्पताल ने कई उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। सबसे बड़ी उपलब्धि अस्पताल में होने वाली बड़ी सर्जरी की संख्या में 80 फीसदी की बढ़ोतरी रही है।
जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि जोधपुर मंडल का उद्देश्य रेलकर्मियों और उनके परिवारों को गुणवत्तापूर्ण,सुलभ और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसी दिशा में चिकित्सा विभाग लगातार नई पहल कर रहा है और इसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।
उन्होंने बताया कि पहली तिमाही के दौरान रेलवे अस्पताल में 148 बड़ी सर्जरी सफलतापूर्वक की गईं,जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 80 फीसदी अधिक हैं। इससे कई मरीजों का उपचार जोधपुर में ही संभव हो सका और बाहर रेफर करने की आवश्यकता भी कम हुई।
उन्होंने बताया कि कर्मचारियों को आर्थिक राहत देने के लिए चिकित्सा प्रतिपूर्ति (गैर-रेफर) के 48 मामलों का 60 दिन की निर्धारित समय-सीमा के भीतर शत-प्रतिशत निस्तारण किया गया। समयबद्ध कार्रवाई से कर्मचारियों को अनावश्यक प्रतीक्षा नहीं करनी पड़ी।
स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पहली तिमाही में 57 स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में कर्मचारियों और उनके परिवारों की स्वास्थ्य जांच के साथ उन्हें जीवन शैली संबंधी बीमारियों से बचाव,नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और स्वस्थ दिनचर्या अपनाने की जानकारी भी दी गई।
उन्होंने बताया कि रेल संचालन से जुड़े अग्रिम पंक्ति के कर्मचारियों को आपातकालीन परिस्थितियों में तत्काल सहायता देने के लिए 256 कर्मचारियों को फर्स्ट एड प्रशिक्षण दिया गया,जो पिछले वर्ष की तुलना में 24 फीसदी अधिक है। इससे दुर्घटना या आकस्मिक स्थिति में शुरुआती उपचार की क्षमता और बेहतर हुई है।
चिकित्सा विभाग ने इस वर्ष एक नई पहल के रूप में 73 चिकित्सा कर्मियों को लाइफ सपोर्ट प्रशिक्षण भी प्रदान किया है। इस प्रशिक्षण से गंभीर मरीजों को आपातकालीन स्थिति में अधिक प्रभावी और जीवनरक्षक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी।
दक्ष चिकित्सकों से मिल रहा बेहतर उपचार
अस्पताल अधीक्षक डॉ.सीता राम बुनकर ने कहा कि रेलवे अस्पताल में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार, दक्ष चिकित्सकों और प्रशिक्षित चिकित्सा स्टाफ के कारण मरीजों को बेहतर उपचार मिल रहा है।
विभाग का प्रयास केवल इलाज तक सीमित नहीं है,बल्कि स्वास्थ्य जागरूकता, समयबद्ध सेवाओं और आपात कालीन चिकित्सा तैयारियों को भी लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है,ताकि रेल कर्मियों और उनके परिवारों को हर स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
