आईआईटी जोधपुर में हरित हाइड्रोजन और तकनीकी शिक्षा में नई पहल की शुरुआत
- 19वां स्थापना दिवस मनाया
- एनआईटी आइलैंड की स्थापना
- एमओयू किए
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),आईआईटी जोधपुर में हरित हाइड्रोजन और तकनीकी शिक्षा में नई पहल की शुरुआत। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान(आईआईटी) जोधपुर ने अपना 19वां स्थापना दिवस भव्य समारोह के साथ मनाया। समारोह में भारत के चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल एनएस राजा सुब्रमणि मुख्य अतिथि थे,जबकि संस्थान के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के अध्यक्ष एएस किरण कुमार ने अध्यक्षता की।
जेल में विचाराधीन बंदियों ने घर का घी मांगा,की भूख हड़ताल
कार्यक्रम की मेजबानी संस्थान के निदेशक प्रो. अविनाश कुमार अग्रवाल ने की। इस अवसर पर देश के 19 राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थानों के निदेशक,वरिष्ठ प्रतिनिधि,शिक्षाविद,उद्योग जगत के प्रतिनिधि,पूर्व छात्र एवं विद्यार्थी उपस्थित थे। समारोह की शुरुआत संस्थान परिसर में प्रतीकात्मक पौधारोपण से हुई।19 राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थानों के निदेशकों एवं वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के अध्यक्ष और निदेशक के साथ मिलकर ‘एनआईटी आइलैंड’ की स्थापना की।
यह हरित क्षेत्र देश के प्रमुख तकनीकी संस्थानों के बीच सहयोग,पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास का प्रतीक बनेगा। स्थापना दिवस के अवसर पर आईआईटी जोधपुर ने आईआईटी जोधपुर-एनआईटी इंजीनियरिंग वूवन टेक्नोलॉजी एक्सीलेंस कॉरिडोर का शुभारंभ किया।
इस पहल के तहत 16 राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थानों ने 25 स्नातकोत्तर अभियांत्रिकी कार्यक्रमों में शैक्षणिक सहयोग के लिए समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए। अब तक 19 राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान इस पहल से जुड़ चुके हैं। यह मॉडल मेधावी स्नातक विद्यार्थियों को संयुक्त स्नातकोत्तर अध्ययन, अनुसंधान,संकाय सहयोग तथा अत्याधुनिक अनुसंधान सुविधाओं का लाभ उपलब्ध कराएगा।
समारोह के दौरान चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने जोधपुर हाइड्रोजन वैली इनोवेशन फाउंडेशन का भ्रमण किया। उन्होंने फाउंडेशन की आधिकारिक पहचान का अनावरण किया, हरित हाइड्रोजन परियोजना की आधारशिला रखी तथा हाइड्रोजन वैली पहल की प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
मुख्य अतिथि ने संस्थान परिसर में स्थापित फील्ड मार्शल सैम मानेकशॉ की प्रतिमा का भी अनावरण किया तथा आईआईटी जोधपुर के अत्याधुनिक अनुसंधान एवं नवाचारों पर आधारित प्रौद्योगिकी प्रदर्शनी का अवलोकन किया। समारोह में संस्थान के उत्कृष्ट संकाय सदस्यों,शोधकर्ताओं,कर्मचारियों और विद्यार्थियों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया।
