har-ghar-tiranga-program-will-be-held-from-august-13-to-15

13 से 15 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम होगा

-आजादी का अमृत महोत्सव

  • जोधपुर संभाग में 11 लाख 4 हजार तिरंगे फहराये जाना का लक्ष्य निर्धारित
  • सशुल्क मिलेंगे तीन साईज के तिरंगे, जगह जगह मिलेंगे ध्वज

जोधपुर,आजादी का अमृत महोत्सव के तहत जोधपुर संभाग के हर जिले में ‘हर घर तिरंगा‘ कार्यक्रम 13 से 15 अगस्त तक आयोजित होगा। जोधपुर संभाग में 11 लाख 4 हजार तिरंगा ध्वज फहराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

संभागीय आयुक्त कैलाश चन्द्र मीणा ने बताया कि तिरंगा हमारा राष्ट्रीय ध्वज है, यह राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है। संपूर्ण देश में सभी सरकारी, गैर सरकारी, निजी संस्थानों, निजी आवास और कार्यालयों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराये जाने की योजना है।
राजस्थान प्रदेश व जोधपुर संभाग के सभी जिलों में 13 से 15 अगस्त तक राष्ट्रीय ध्वज फहराया जायेगा।

उन्होंने बताया कि इस बार खादी की बाध्यता हटाकर हाथ का काता,बुना हुआ,मशीन से निर्मित कॅाटन, पॅालिस्टर, ऊनी एवं सिल्क खादी से बने तिरंगे झण्डे फहराने की अनुमति दी जा चुकी है। संभाग के सभी जिला कलक्टर्स को तीन दिवसीय कार्यक्रम बेहतर व जन जुड़ाव के साथ करने के निर्देश दिए हैं।

अभियान चलाकर जन चेतना व जागरूकता

संभागीय आयुक्त ने बताया कि ‘हर घर तिरंगा‘ कार्यक्रम को अभियान के रूप में लेकर लोगों में जन चेतना व जागरूकता वृद्धि का कार्य सोशल मीडिया के माध्यम से किया जायेगा ताकि अधिक से अधिक जन सहभागिता सुनिश्चित की जा सके। फेस बुक,व्हाट्सएप,ट्वीटर, इंस्टाग्राम, वेबसाइट पर नागरिक राष्ट्रीय ध्वज लगा सकते हैं। ध्वज भेंट कर सकते हैं। मोबाइल,लेपटॉप, कम्प्यूटर पर झण्डे का वॅालपेपर लगा सकते हैं। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम को बेहतर बनाने व लोगों के अधिकाधिक जुड़ाव के लिए स्थानीय स्तर पर कार्य किया जायेगा।

संभाग में 11 लाख 4 हजार ध्वज फहराया जाना प्रस्तावित है

संभागीय आयुक्त ने बताया कि जोधपुर संभाग में कुल 11 लाख 4 हजार तिरंगा ध्वज फहराया जाना प्रस्तावित है। जोधपुर जिले में 4 लाख,पाली में 2 लाख,जालोर में 1 लाख 50 हजार,सिरोही में 1 लाख, जैसलमेर में 1 लाख 4 हजार व बाड़मेर जिले में 1 लाख 50 हजार तिरंगा फहराया जाने का लक्ष्य रखा है। प्रत्येक गांव में तिरंगा क्रय केन्द्र स्थापित होंगे। इसमें सभी राजकीय कर्मचारियों की भागीदारी सुनिश्चित होगी। समस्त लोगों को इससे जुड़ने को प्रेरित किया जायेगा। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग को तिरंगा ध्वजों की मांग भिजवायी गयी है।

सशुल्क मिलेंगे ध्वज

तिरंगा ध्वज सशुल्क मिलेंगे। जिले की परिस्थितियों के अनुसार जिला कलक्टर विक्रय केन्द्रों की स्थापना करवायेंगे ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को उनकी पसंद का तिरंगा ध्वज मिल सके। प्रत्येक गांव में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा के क्रय-विक्रय केन्द्रों की स्थापना की जाएगी। बड़े आकार का ध्वज 25 रूपए, मध्यम आकार का ध्वज 18 रूपए व छोटे आकार का ध्वज 9 रूपये में उपलब्ध रहेगा।

इनकी रहेगी प्रमुख भागीदारी

कार्यक्रम में सरकारी अधिकारी, कर्मचारी,शिक्षक,सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों,स्वयं सहायता समूह, नागरिक संगठनों,तिरंगा वॉलिंटियर्स के रूप में विद्यार्थियों,एनसीसी कैडेट, एनएसएस,स्काउट,गाइड,भामाशाहों, ग्राम पंचायत, स्वास्थ्य केन्द्र, उचित मूल्य दुकान,विद्यालय, महाविद्यालय, पुलिस, ट्रांसपोर्ट विभाग, मिडिया वेबसाइट,वॅाल पेन्टिंग्स,आंगनवाड़ी केन्द्र,वाचनालय,विद्युत व पेयजल विभाग की सक्रिय भागीदारी रहेगी।
उन्होंने बताया कि सभी जिलों में पंचायती राज विभाग नोडल विभाग व मुख्य कार्यकारी अधिकरी जिला परिषद नोडल अधिकारी होंगे।

इस तरह होगा कार्यक्रम का प्रचार-प्रसार

‘हर घर तिरंगा‘ फहराने के लिए जन चेतना व जन जागरूकता अभियान चलाया जायेगा। होर्डिंग्स,पोस्टर्स, वाल पेन्टिंग्स,परिवहन विभाग की सभी बसों,सिटी बसों,ट्रकों, सार्वजनिक परिवहन साधनों व सरकारी वाहनों में हर घर तिरंगा कार्यक्रम का संदेश स्टीकर व अन्य माध्यम से प्रचार प्रसार किया जायेगा। ग्राम पंचायतों को जोड़ते हुए जिलों में रैली निकालना,महत्वपूर्ण व्यक्तियों की ओर से अपील जारी कराना, भामाशाहों को अन्य स्थानों पर ध्वज क्रय कर वितरण के लिए प्रेरित करना है।

दूरदृष्टिन्यूज़ की एप्लिकेशन डाउनलोड करें –http://play.google.com/store/apps/details?id=com.digital.doordrishtinews