मारवाड़ चिकित्सा विश्वविद्यालय में किया ध्वजारोहण
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),मारवाड़ चिकित्सा विश्वविद्यालय में किया ध्वजारोहण। मारवाड़ चिकित्सा विश्वविद्यालय में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गरिमापूर्ण समारोह आयोजित किया गया।
डॉ.एसएन मेडिकल कॉलेज एवं संबद्ध अस्पतालों में किया ध्वजारोहण
विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ.एमके आसेरी ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर प्रति-कुलगुरु डॉ.योगी राज जोशी,कुलसचिव अयूब खान, वित्त सलाहकार सिद्धार्थ चारण,डॉ.महेश भाटी, डॉ.अरविन्द चौहान,डॉ.विकास देव,उप कुलसचिव डॉ.भवानी सिंह सहित विश्वविद्यालय के कर्मचारी उपस्थित थे। कुलगुरु ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर कुलगुरु डॉ.आसेरी ने कहा कि स्वतंत्रता केवल राजनीतिक स्वतंत्रता नहीं,बल्कि देश को ज्ञान, शिक्षा,चिकित्सा एवं अनुसंधान के क्षेत्र में आत्मनिर्भर और श्रेष्ठ बनाने का संकल्प भी है।उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय इसी भावना के साथ निरंतर प्रगति की दिशा में कार्य कर रहा है।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय में उत्कृष्ट कार्य के लिए दिनेश कुमार,सहायक प्रोग्रामर एवं प्रियंका अग्रवाल,सूचना सहायक को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कुलगुरु ने बताया कि विश्वविद्यालय ने अपनी प्रथम प्रवेश परीक्षा एमएमयू-ईटी 2026 का सफलता पूर्वक आयोजन किया है और अब प्रवेश हेतु काउंसलिंग प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। एमबीबीएस एवं डेंटल पाठ्यक्रमों की वार्षिक विश्वविद्यालय परीक्षाएं भी सफलता पूर्वक संचालित की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में विश्वविद्यालय शिक्षा, चिकित्सा,अनुसंधान और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में नए आयाम स्थापित करेगा। विश्वविद्यालय का लक्ष्य इसे देश के अग्रणी एवं प्रतिष्ठित चिकित्सा शिक्षण संस्थानों में शामिल करना है। इसके लिए गुणवत्ता, पारदर्शिता,नवाचार और उत्कृष्टता को प्राथमिकता दी जाएगी।
अंत में कुलगुरु ने विश्वविद्यालय परिवार से राष्ट्र निर्माण में भूमिका निभाने और कार्यों में उत्कृष्टता के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।
