आवेदन जमा कराने उमड़ा उत्साह ढोल-थाली के साथ पहुंचे दावेदार

नगर निगम चुनाव

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),आवेदन जमा कराने उमड़ा उत्साह ढोल-थाली के साथ पहुंचे दावेदार।
नगर निकाय चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी में चुनावी सरगर्मियां लगातार तेज होती जा रही हैं। आवेदन जमा कराने के तीसरे दिन रविवार को भाजपा कार्यालय में दावेदारों और कार्यकर्ताओं का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। कई प्रत्याशी ढोल-थाली के साथ जुलूस के रूप में आवेदन जमा कराने पहुंचे। इस दौरान पार्टी कार्यालय में दिनभर चहल-पहल बनी रही।

भंवरी देवी हत्याकांड के खिलाफ धरना 18वें दिन भी जारी

दावेदारों ने अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचकर वार्ड पार्षद पद के लिए आवेदन जमा करवाए। आवेदन जमा कराने को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। बड़ी संख्या में समर्थकों की मौजूदगी से भाजपा कार्यालय का माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में नजर आया।

भाजपा जोधपुर शहर जिलाध्यक्ष ने कहा कि नगर निकाय चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं में अभूतपूर्व उत्साह है। पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की मजबूती और भाजपा की जीत के संकल्प के साथ मैदान में जुटा हुआ है। उन्होंने कहा कि आवेदन प्रक्रिया में कार्यकर्ताओं और दावेदारों की सक्रिय भागीदारी संगठन की मजबूती को दर्शाती है।

भाजपा कार्यकर्ता एकजुट होकर जनता के बीच जा रहे हैं और केंद्र व राज्य सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं तथा विकास कार्यों को लेकर आमजन से संवाद कर रहे हैं। इधर,वार्डों में नियुक्त चुनाव प्रभारी भी दिनभर फील्ड में सक्रिय थे। प्रभारियों ने वार्डों में कार्यकर्ताओं और संभावित दावेदारों के साथ बैठकें कीं तथा आमजन से संपर्क स्थापित किया। विभिन्न क्षेत्रों में छोटी-बड़ी बैठकों के माध्यम से चुनावी तैयारियों को गति दी जा रही है।

वार्डों में पहुंच रहे भाजपा कार्यकर्ताओं को आमजन का भी सकारात्मक सहयोग मिल रहा है। जगह-जगह आयोजित बैठकों में लोगों की भागीदारी से नगर निकाय चुनाव को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल दिखाई दे रहा है। कार्यकर्ता घर-घर संपर्क के साथ-साथ स्थानीय समस्याओं और विकास से जुड़े मुद्दों पर भी जनता से संवाद कर रहे हैं।

नगर निकाय चुनाव की तैयारियों के बीच भाजपा का संगठनात्मक तंत्र पूरी सक्रियता के साथ मैदान में उतर चुका है। आवेदन प्रक्रिया के साथ ही वार्ड स्तर पर जनसंपर्क और बैठकों का दौर तेज होने से चुनावी माहौल लगातार गर्माता जा रहा है।