क्रेडिट कार्ड से 1.72 लाख की साइबर ठगी
- महज दो मिनट में हुई संदिग्ध ट्रांजेक्शन
- पीड़ित ने तत्काल कार्ड ब्लॉक कराया
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),क्रेडिट कार्ड से 1.72 लाख की साइबर ठगी। शहर में एक वृद्ध व्यक्ति के एसबी आई क्रेडिट कार्ड से 1 लाख 72 हजार 510 रुपये की संदिग्ध ऑन लाइन ट्रांजेक्शन होने का मामला सामने आया है। पीडि़त की रिपोर्ट पर शास्त्रीनगर थाना पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया।
क्रिप्टो करेंसी में निवेश का झांसा देकर 4.85 लाख रुपये ठगे
शास्त्रीनगर पुलिस ने बताया कि केशव नगर निवासी सुनील कुमार डोसी पुत्र स्व.जीतमल डोसी ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया है कि गत 8 अगस्त को सुबह करीब 10:53 से 10:54 बजे के बीच उनके एसबीआई क्रेडिट कार्ड से कुल 1,72,510 रुपये की फ्रॉड ट्रांजेक्शन हुई। पीडि़त के अनुसार उन्होंने यह ट्रांजेक्शन स्वयं नहीं की थी।
पीडि़त सुनिल डोसी में बताया है कि ट्रांजेक्शन की जानकारी मिलने के बाद उन्होने तत्काल एसबीआई कॉल सेंटर के माध्यम से क्रेडिट कार्ड को ब्लॉक कराया। उन्होंने सुबह 11:01 मिनट 25 सेकंड पर कार्ड ब्लॉक कराने की कार्यवाही की, जिसकी पुष्टि बैंक की ओर से करीब 11:13 मिनट 21 सेकंड पर प्राप्त हुई।
शाम को ऑनलाइन डिस्प्यूट फॉर्म भी भरा
पीड़ित ने बैंक को ट्रांजेक्शन की जानकारी देकर उसका विरोध दर्ज कराया। पुलिस को दी रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने उसी दिन शाम 5:49 बजे ट्रांजेक्शन डिस्प्यूट फॉर्म भरा,जिसकी पुष्टि एसबीआई क्रेडिट कार्ड की ओर से शाम 5:50 बजे प्राप्त हुई। बैंक से संबंधित ई-मेल और अन्य दस्तावेज भी पुलिस को उपलब्ध कराए हैं।
साइबर थाने से मिली जीरो नंबर एफआईआर
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार 10 अगस्त की शाम 6:33 बजे शास्त्रीनगर थाने में साइबर पुलिस थाना, जिला एटीएस एवं एसओजी राजस्थान से ऑनलाइन मेल के जरिए जीरो नंबर प्रथम सूचना रिपोर्ट प्राप्त हुई। जिसके बाद शास्त्रीनगर थाना पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरु की है।
उक्त मामले की जांच हैड कांस्टेबल हनुमानराम कर रहे है। पुलिस अब क्रेडिट कार्ड से हुई संदिग्ध ट्रांजेक्शन, संबंधित खाते/मर्चेंट,डिजिटल लेन-देन तथा अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है। मामले में साइबर ठगी से जुड़े आरोपियों तक पहुंचने के लिए तकनीकी अनुसंधान भी किया जा रहा है।
