मारवाड़ में शीत लहर: कंपकंपी छूटी, माउंट में पारा शून्य से नीचे

जोधपुर, सदीं का जोर अब दिखने लगा है। बादल बारिश के बाद मारवाड़ में शीतलहर का असर जमने लगा है। उत्तर भारत के इलाकों में हुई जमकर बर्फबारी के बाद मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ गई है। प्रदेश में भी सर्दी की चमक अब बढ़ी है। दिसम्बर में पहली बार माउंटआबू में पारा शून्य से नीचे गया है। माउंटआबू का न्यूनतम तापमान माइनस 0.4 आंका गया। सूर्यनगरी में हल्की धूप खिली रही। मगर हवा तेज रहने से शीतलहर का आभास होने लगा है। अब दोपहर में भी कंपकंपी छूट रही है। लोगों की दिनचर्या और खानपान में काफी बदलाव आ गया है। जोधपुर सहित समूचे मारवाड़ में शीतलहर का दौर जारी है और इसके आगे भी बने रहने की संभावना है। जोधपुर शहर में अब दिन में भी ठंडक का अहसास होने लगा है। उत्तर भारत में हो रही बर्फबारी के कारण सर्दी अब पहाड़ों से उतर कर थार के रेगिस्तान में पहुंच चुकी है। पश्चिमी राजस्थान में शीत लहर का आगमन हो चुका है। तापमापी का पारा भी नीचे उतरना शुरू हो चुका है। सुबह के समय चल रही ठंडी हवा तन को भेद रही है। दिन के समय भी धूप सुहावनी लगना शुरू हो गई। अधिकतम तापमान औसत तापमान से करीब 3.6 डिग्री सेल्सियस उतर गया। शहर का अधिकतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम करीब एक डिग्री की गिरावट के साथ 12.7 डिग्री पहुंच गया। सर्दी के असर से बचने को लोग अब सावचेती बरतने लगे हैं। कोरोना संक्रमण बढऩे के आसार से लोग गर्म लबादों और मास्क में नजर आ रहे हैं।

Similar Posts