मनोकामनाएं पूरी करने का झांसा देकर महिला के लाखों के जेवर उतरवा कर चंपत

मनोकामनाएं पूरी करने का झांसा देकर महिला के लाखों के जेवर उतरवा कर चंपत

फिर हुई महिला से ठगी

जोधपुर, शहर के भीतरी क्षेत्र में शातिर ने मनोकामनाएं पूरी करने के नाम पर महिला से ठगी करते हुए उसके पहने लाखों के जेवरात उतरवा लिए। बाद में चंपत हो गया। लुटी पिटी महिला सदर बाजार थाने पहुंची और घटना के बारे में पुलिस को जानकारी दी। घटना त्रिपोलिया बाजार के सिलावटों का बास में दिनदहाड़े हुई। इससे पहले भी शहर में तीन चार वारदातें हो चुकी हैं। मगर वे भी आज तक नहीं खुल पाई। महामंदिर और सरदारपुरा थाने में पहले से ही तीन केस दर्ज हो रखे हैं। पहले पुलिस वाले बनकर ठगी हुई थी।

दरअसल अजमेर निवासी एक महिला शादी के सिलसिले में बासनी स्थित अपने पीहर आई हुई है। वह खरीदारी करने अपराह्न में अकेली ही त्रिपोलिया बाजार गई। सिलावटों का बास पहुुंचने पर मास्क पहने एक व्यक्ति पैदल चल रही महिला के पास आया और कपड़े खरीदने के लिए दुकान के बारे में पूछा। इस पर महिला ने उसे दुकान का पता बताया। फिर वह महिला से बातें करने लग गया। उसने कहा कि वो वृंदावन से आए हैं और लोगों की मनोजकामनाएं पूरी करने में मदद करते हैं। उसकी जो भी मनोकामना है वो जल्द ही पूर्ण होगी। ठग ने महिला से प्रसाद लाकर देने को कहा।

महिला ने आस-पास से प्रसाद लाने की कोशिश की, लेकिन व्यवस्था नहीं हो पाई। अनजान व्यक्ति ने बातों के झांसे में लिया। बातों में आकर महिला ने सोने का मंगलसूत्र, कानों के टोप्स व सोने की चार अंगूठियां उतारकर उस व्यक्ति को दे दी। जिसे लेकर वो निकल गया। कुछ देर बाद महिला को ठगी का पता लगा तो अनजान व्यक्ति की तलाश की, लेकिन ठग का पता नहीं लग पाया। महिला की सूचना पर पुलिस घटनास्थल पहुंची, लेकिन ठग गायब हो चुके थे। सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो संदिग्ध युवक नजर आ गया। जिसके आधार पर तलाश शुरू की गई, लेकिन पता नहीं लग पाया।

दुकानदारों से ली पुलिस ने जानकारी

पुलिस ने घटना स्थल के आस-पास के दुकानदारों से जानकारी ली। व्यवसायियों ने महिला को जेवर उतारकर देते हुए देखा था, लेकिन महिला के अपनी मर्जी से देने की वजह से उन्हें कोई संदेह नहीं हुआ।

दूरदृष्टिन्यूज़ की एप्लिकेशन अभी डाउनलोड करें – http://play.google.com/store/apps/details?id=com.digital.doordrishtinews

Similar Posts