Doordrishti News Logo
  • अणदाराम स्कूल से डालीबाई मन्दिर चौराहा तक हटाए अतिक्रमण
  • अवैध खनन में प्रयुक्त जेसीबी व औजारों को किया जब्त

जोधपुर,जेडीए आयुक्त कमर चौधरी के निर्देश पर अतिक्रमण निरोधक दस्ते द्वारा अवैध कॉलोनियों तथा अवैध खनन के विरूद्ध कार्यवाही की जा रही है। गुरूवार को दस्ते द्वारा ग्राम दईजर, बनाड़ व नान्दड़ी में अवैध आवासीय कॉलोनी में निर्माण कार्य तथा ग्राम सुरपुरा, ग्राम बासनी मालीयान् में अवैध खनन को बंद करवाया गया। प्राधिकरण दस्ते द्वारा उच्च न्यायालय द्वारा डीबी सिविल अवमानना याचिक के अन्तर्गत पारित निर्देशों की पालना में अणदाराम स्कूल से डालीबाई मन्दिर चौराहा तक सड़क भाग में किए गए अतिक्रमणां को हटाया गया। प्रवर्तन अधिकारी अमरसिंह रतनू ने बताया कि उपायुक्त उत्तर कंचन राठौड़ के निर्देशानुसार दईजर का मौका निरीक्षण किया गया। दईजर में अज्ञात व्यक्तियों द्वारा अवैध रूप से मिट्टी एवं मुरड़ की सड़कें बनाकर आवासीय योजनानुमा रूप दिया हुआ पाया गया। सड़कों के निर्माण कार्य को बंद करवाते हुए बिना जेडीए की स्वीकृति के किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य नहींं करने की हिदायत दी गई। इसी प्रकार सुरपुरा के खसरा संख्या 6 गैर मुमकिन गोचर भूमि पर अवैध रूप से जेसीबी की सहायता से मिट्टी खनन किया जा रहा था। इसी प्रकार बासनी मालीयान् के खसरा संख्या 289 स्थित सुन्दर सिंह भण्डारी नगर योजना के पास जेडीए की प्रस्तावित नवीन योजना की भूमि पर अवैध खनन का कार्य किया जा रहा था। उक्त दोनों स्थानों पर अवैध खनन के विरूद्ध कार्यवाही करते हुए एक जेसीबी तथा खनन में प्रयुक्त औजारों को जब्त किया गया। प्रवर्तन अधिकारी प्रवीण गहलोत ने बताया कि उपायुक्त पूर्व अनिल कुमार पूनिया के निर्देशानुसार नान्दड़ी तथा बनाड़ का मौका निरीक्षण किया गया।

नान्दड़ी, खसरा संख्या 79 जोधपुर- जयपुर मुख्य हाईवे पर सारण नगर पुलिया के पास लगभग 5 बीघा भूमि पर आवासीय एवं व्यवसायिक भूखण्डों की कॉलोनी काटी हुई पाई गई तथा कई दुकानों व मकानों का निर्माण कार्य प्रगतिरत पाया गया। इसी तरह बनाड़ के खसरा संख्या 278 व 286/1/1 में बनाड़ से नान्दड़ा कलां रोड़ पर लगभग 10 बीघा भूमि पर आवासीय एवं व्यवसायिक भूखंडों की कॉलोनी काटी हुई पाई गई। दस्ते द्वारा अवैध आवासीय एवं व्यवसायिक भूखण्डों की कॉलोनी में चल रहे अवैध निर्माण कार्य को बंद करवाते हुए निर्माण में काम आने वाले औजारों को जब्त कर प्राधिकरण कार्यालय लाया गया।
प्रवर्तन निरीक्षक संतोष पंवार ने बताया कि अणदाराम स्कूल से डालीबाई मन्दिर चौराहा तक अतिक्रमियों द्वारा सब्जी के ठेले, लोहे का स्टैण्ड़, साईन बोर्ड, टेबलें कुर्सीयां, चाय के केबिन, टेबलें, काउण्टर, नाश्ते के ठेले, लोहे के चौखटे, दरवाजे तथा व्यापारियों द्वारा दुकानों के बाहर सामान रख कर सड़क सीमा एवं फुटपाथ पर अतिक्रमण किये हुए थे। जेडीए द्वारा उक्त अतिक्रमणों को हटाकर सड़क एवं फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त करवाया गया। कार्यवाही के दौरान तहसीलदार मोहित आशिया, प्रवर्तन अधिकारी प्रवीण गहलोत, प्रवर्तन निरीक्षक अनिल शर्मा, पटवारी धर्मेन्द्र सिंह, सुनील प्रसाद मौजूद थे।

Related posts:

You missed