Doordrishti News Logo

मर्यादा के आंगन में स्वछंदता का प्रदर्शन

✍🏻पार्थसारथि थपलियाल

भारतीय संस्कृति संपोषक

भारतीय संस्कृति में मानवता के सर्वश्रेष्ठ गुण समाहित हैं। करुणा, सहिष्णुता,सहअस्तित्व, समन्वय,त्याग और परस्पर सम्मान इसके मूल आधार हैं। इस संस्कृति का सबसे सुंदर अलंकरण इसकी मर्यादाएं हैं। हमारी सांस्कृतिक मर्यादाएं किसी व्यक्ति की स्वतंत्रता का निषेध नहीं करतीं, बल्कि उसे सामाजिक उत्तरदायित्व और मानवीय संवेदनाओं से जोड़ती हैं। यही मर्यादाएं भारतीय समाज की समावेशिता (Inclusiveness) को अभिव्यक्त करती हैं।

भारतीय संस्कृति का आग्रह यह नहीं है कि सभी लोग एक जैसा सोचें,बल्कि यह है कि विचारों की भिन्नता के बावजूद परस्पर सम्मान और सामाजिक संतुलन बना रहे। सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो में एक युवती को अपने परिवार की इच्छा के विरुद्ध विवाह करने के बाद यह कहते सुना गया कि वह अठारह वर्ष की हो चुकी है और अपने अच्छे-बुरे का निर्णय लेने में सक्षम है।

यहां विचारणीय प्रश्न यह है कि क्या वयस्क होने के साथ ही पारिवारिक संबंधों के प्रति हमारी सारी जिम्मेदारियां समाप्त हो जाती हैं? जिन माता-पिता ने वर्षों तक स्नेह,संरक्षण और संस्कार देकर संतान का पालन- पोषण किया,क्या उनकी भावनाओं और अनुभवों का कोई महत्व नहीं रह जाता? अधिकार और संबंध परस्पर विरोधी नहीं होने चाहिए। यही प्रश्न खान-पान,पहनावे, व्यवहार और सार्वजनिक जीवन में भी दिखाई देता है।

22 लाख के आभूषण चोरी

राजनीतिक मंचों से अक्सर कहा जाता है कि कौन क्या खाता है,क्या पहनता है,कैसे रहता है, यह उसका व्यक्तिगत मामला है। निस्संदेह व्यक्ति की निजता और संवैधानिक स्वतंत्रता का सम्मान होना चाहिए। लेकिन क्या व्यक्तिगत स्वतंत्रता का अर्थ यह भी है कि समाज के नैतिक और सांस्कृतिक मानदंडों पर चर्चा करना ही अनुचित हो जाए? आज संचार माध्यमों और मनोरंजन जगत में भी मर्यादा का प्रश्न गंभीरता से विचारणीय है।

समाचार चैनलों की उत्तेजक भाषा, सार्वजनिक बहसों में व्यक्तिगत आक्षेप,हास्य के नाम पर अश्लील टिप्पणियां,फिल्मों और विज्ञापनों में स्त्री-देह का वस्तुकरण तथा लोकप्रियता के लिए सामाजिक संवेदनाओं की उपेक्षा क्या हमारी सांस्कृतिक चेतना को कमजोर नहीं कर रही है? अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का अर्थ अभिव्यक्ति की मर्यादा से मुक्ति नहीं हो सकता। हास्य में भी शालीनता हो सकती है, कला में भी सौंदर्यबोध हो सकता है और आधुनिकता में भी संस्कार सुरक्षित रह सकते हैं।

विडंबना यह है कि इन प्रश्नों पर गंभीर विमर्श करने वाले लोग सीमित होते जा रहे हैं। कुछ लोग परंपरा के नाम पर हर परिवर्तन का विरोध करते हैं तो कुछ आधुनिकता के नाम पर हर परंपरा को अप्रासंगिक घोषित कर देते हैं। दोनों ही दृष्टियां संतुलित सामाजिक विकास के लिए उचित नहीं हैं। भारतीय संस्कृति की विशेषता तो यह रही है कि उसने समय के साथ संवाद किया है,परिवर्तन स्वीकार किए हैं और फिर भी अपने मूल जीवन- मूल्यों को सुरक्षित रखा है। इस संदर्भ में धर्माचार्यों की भूमिका भी विचारणीय है। धर्म केवल पूजा-पद्धति,कर्मकांड, वेशभूषा और धार्मिक आयोजनों तक सीमित नहीं है।

धर्म का वास्तविक स्वरूप आचरण में प्रकट होता है। सत्य,अहिंसा,दया,संयम, क्षमा,परोपकार और आत्मानुशासन धर्म के आधारभूत तत्व हैं। यदि धार्मिक नेतृत्व इन मूल्यों को सामाजिक जीवन में प्रतिष्ठित करने के स्थान पर केवल कर्मकांड और बाहरी आडंबर तक सीमित रह जाएगा तो धर्म का लोकमंगलकारी स्वरूप कमजोर होगा।भारतीय संस्कृति ने कभी भी मनुष्य को विचारहीन अनुकरण का संदेश नहीं दिया। उपनिषदों का आग्रह है- ‘सत्यं वद,धर्मं चर’। अर्थात सत्य बोलो और धर्म का आचरण करो।

यहां धर्म का अर्थ किसी संप्रदाय विशेष से नहीं, बल्कि उस सदाचरण से है जो व्यक्ति,परिवार और समाज के जीवन को श्रेष्ठ बनाता है। आज आवश्यकता इस बात की है कि हम नई पीढ़ी को केवल अधिकारों के प्रति जागरूक न बनाएं, बल्कि संबंधों,कर्तव्यों,संवेदनाओं और मर्यादाओं का महत्व भी समझाएं। परिवार को संवाद का केंद्र बनना होगा,शिक्षण संस्थानों को चरित्र निर्माण का दायित्व निभाना होगा और सार्वजनिक जीवन में प्रतिष्ठित लोगों को अपने आचरण से उदाहरण प्रस्तुत करना होगा।

संस्कृति का संरक्षण केवल नारों,उत्सवों और प्रतीकों से नहीं होता, वह हमारे दैनिक व्यवहार में दिखाई देना चाहिए। किसी ने ठीक ही कहा- मकान ऊँचे हुए, लोग छोटे होते गए,तरक्क़ी के सफ़र में संस्कार खोते गए। समाज को यह समझना होगा कि मर्यादा बंधन नहीं,जीवन को सुंदर और व्यवस्थित बनाने वाली सीमा है। नदी जब अपने तटों के भीतर बहती है तो जीवनदायिनी बनती है,लेकिन तटों को तोड़ दे तो विनाश का कारण भी बन सकती है। स्वतंत्रता भी ऐसी ही है। उसे विवेक,संयम और सामाजिक उत्तरदायित्व के तटों की आवश्यकता है।

भारतीय संस्कृति हमें दर्शनीय होने की प्रेरणा देती है,प्रदर्शनीय होने की नहीं। वह दिखावे के स्थान पर आचरण, अहंकार के स्थान पर विनम्रता और स्वार्थ के स्थान पर समष्टि कल्याण को महत्व देती है। क्या समाज इसे समझता है? प्रश्न यह है कि आधुनिक होते हुए भी क्या हम मनुष्य बने रह पा रहे हैं? क्या हमारी प्रगति में संवेदना बची है? क्या हमारी स्वतंत्रता में मर्यादा शेष है? भारतीय संस्कृति की रक्षा दूसरों को उपदेश देने से नहीं, स्वयं अपने आचरण को मर्यादित बनाने से होगी। मर्यादित संस्कृति के आंगन में स्वछंदता का भोंडा प्रदर्शन के पीछे किसका हाथ है,यह जानने की आवश्यकता है। अपनी आज़ादी का इतना भी गुमान न कर, दूसरों के हक़ की हदों का भी सम्मान कर।