Doordrishti News Logo

अमृत हाट में प्रथम दिन 1.50 लाख की बिक्री

जोधपुर,अमृत हाट में प्रथम दिन 1.50 लाख की बिक्री। प्रदेश में दूर दराज के क्षेत्रों में कार्यरत महिला स्वयं सहायता समूह की अधिक से अधिक भागीदारी एवं उनके उत्पादों की बिक्री व मार्केटिंग को विभागीय स्तर पर समुचित समर्थन मिले इसके लिए संभाग स्तर पर नवम अमृता हाट का आयोजन 27 अक्टूबर तक अरबन हाट परिसर जोधपुर में किया जा रहा है।

यह भी पढ़िएगा – सरकारी नर्सिंग अधिकारी को अवैध प्रैक्टिस करते पकड़ा,मौके पर नशे व नींद की दवाइयां मिली

महिला अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक फरसाराम विश्नोई ने बताया कि महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित सामग्री के प्रदर्शन एवं विपणन के लिए हाट में राज्य के विभिन्न जिलों से स्वयं सहायता समूह द्वारा निर्मित विभिन्न उत्पादों की लगभग 80 से ज्यादा स्टॉल्स लगाई गई।

मेले में भाग लेने वाली स्वयं सहायता समूह सदस्यों को विभाग की ओर से निःशुल्क स्टॉल्स,आवासीय व्यवस्था,भोजन एवं यात्रा भत्ता उपलब्ध करवाया जा रहा है। हाट का समय प्रातः10 बजे से रात्रि 9 बजे तक होगा जिसमें प्रवेश व पार्किंग की व्यवस्था निःशुल्क है।

प्रतिदिन एक व्यक्ति द्वारा न्यूनतम 500 रुपये तक के उत्पाद क्रय करने पर लक्की ड्रॉ की व्यवस्था की गई है जिसमें प्रतिदिन ड्रॉ के 3 लक्की विजेताओं को 500,300 व 200 रुपये की निःशुल्क खरीददारी विभाग द्वारा करवाई जायेगी।मेले के प्रथम दिन लगभग 1.50 लाख रुपये के उत्पादों की बिक्री हुई।

मेले में ब्लॉक बिलाड़ा एवं भोपालगढ की साथिनों की बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजनान्तर्गत आमुखीकरण कार्यक्रम आयोजित कर हाट भ्रमण करवाया गया। साथिनों को मिशन शक्ति की योजनाओं की जानकारी जेण्डर स्पेशलिस्ट कानाराम सारण ने दी।

जिला प्रबंधक आईबीसीबी ओम प्रकाश विश्नोई ने हाट में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को उत्पाद पैकेजिंग,विपणन एवं स्वयं सहायता समूह को राज्य सरकार द्वारा दिये जाने वाले ऋण की जानकारी दी। राजीविका की 200 महिलाओं ने भ्रमण किया।