Doordrishti News Logo

प्रदेश को जल्द मिलेंगे राज्यस्तरीय और स्थानीय स्तर के पर्यटक गाइड

6000 पर्यटक गाइडों के प्रशिक्षण के लिए होगी चयन भर्ती

जोधपुर, पर्यटन विभाग ने पर्यटक गाइड प्रशिक्षण पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए 6000 सीटों पर प्रवेश के लिए विज्ञप्ति जारी की है। इससे प्रदेश को जल्दी राज्यस्तरीय और स्थानीय स्तर के पर्यटक गाइड मिलेंगे। इसके अनुसार 5000 सीटों पर स्थानीय स्तर के और 1000 सीटे पर राज्यस्तरीय पर्यटक गाइडों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। पर्यटन विभाग द्वारा लगभग 10 वर्ष बाद पर्यटक गाइड प्रशिक्षण पाठ्यक्रम में चयन के लिए यह भर्ती की जा रही है। इस प्रशिक्षण से प्रदेश के हजारों बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार और आर्थिक संबल मिलेगा।

प्रक्रिया आरंभ कर दी गई है जिसके अनुसार स्थानीय स्तर पर पर्यटक गाइड प्रशिक्षण पाठ्यक्रम में संबंधित पर्यटन स्वागत केंद्र अजमेर के लिए 200, अलवर के लिए 100, भरतपुर के लिए 200,  बीकानेर के लिए 250, चित्तौड़गढ़ के लिए 200, जयपुर के लिए 1500, जोधपुर के लिए 850, जैसलमेर के लिए 650, झुंझुनू के लिए 200, कोटा के लिए 70, झालवाड़ के लिए 50, माउंट आबू के लिए 100, सवाई माधोपुर के लिए 100 और उदयपुर के लिए 530 सीटों पर प्रशिक्षण सहित कुल 5000 सीटों पर पर्यटक गाइडों के प्रशिक्षण के लिए चयन भर्ती होगी। जबकि 1000 सीटों पर राज्यस्तरीय पर्यटक गाइडों के प्रशिक्षण के लिए चयन भर्ती होगी।

गाइड प्रशिक्षण के लिए न्यूनतम योग्यता

राज्यस्तरीय पर्यटक गाइड प्रशिक्षण के लिए स्नातक या 3 वर्षीय डिप्लोमा और स्थानीय स्तर के पर्यटक गाइड प्रशिक्षण के लिए 10 वीं पास या 10 वर्ष से अधिक की गाइडिंग का अनुभव रखने वालों को 10 वीं उत्तीर्ण की अर्हता में शिथिलन देय होगा।

गाइड प्रशिक्षण के लिए आयु सीमा

पर्यटक गाइड प्रशिक्षण पाठ्यक्रम के लिए न्यूनतम आयु 1 अप्रैल 2022 तक 21 वर्ष और अधिकतम आयु सीमा 50 वर्ष निर्धारित की गई है। 10 वर्ष का गाइडिंग अनुभव रखने वाले अभ्यर्थियों को ऊपरी आयु सीमा में 5 वर्ष की  छूट देय होगी।

यह रहेगा आवेदन शुल्क

पर्यटक गाइड प्रशिक्षण पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए आवेदन शुल्क सामान्य वर्ग के लिए 500 रूपये और आरक्षित वर्ग के लिए 250 रूपये निर्धारित है जबकि दोनों प्रशिक्षण कार्यक्रमों में आवेदन करने वाले आवेदकों को क्रमशः सामान्य वर्ग से 1000 रुपये और आरक्षित वर्ग से 500 रुपये आवेदन शुल्क देने होंगे। यह भुगतान ऑनलाइन जमा किया जाएगा।

प्रशिक्षण शुल्क निर्धारित

दोनों श्रेणियों के गाइड प्रशिक्षण पाठ्यक्रम के लिए प्रशिक्षण शुल्क निर्धारित की गई है। सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 3000 रुपये और आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 2000 रुपये निर्धारित है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम की अवधि

राज्यस्तरीय गाइड के प्रशिक्षण पाठ्यक्रम के लिए न्यूनतम अवधि 60 घंटे और स्थानीय स्तर के गाइड के लिए प्रशिक्षण पाठ्यक्रम की न्यूनतम अवधि 48 घंटे निर्धारित की गई है।
सभी प्रशिक्षणार्थियों के लिए निर्धारित प्रशिक्षण अवधि का 80 प्रतिशत उपस्थिति आवश्यक होगी।

बहुविकल्पात्मक लिखित परीक्षा

दोनों श्रेणियों के गाइड प्रशिक्षण पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए प्रश्न पत्र बहुविकल्पात्मक प्रकार का होगा। साथ ही प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा, गलत विकल्प का चयन करने पर कोई ऋणात्मक अंकन नहीं किया जाएगा। होटल प्रबन्धन संस्थान, जयपुर द्वारा यह परीक्षा प्रदेश के 14 केंद्रों पर आययोजित की जाएगी। साथ ही किसी भारतीय या विदेशी भाषा में शैक्षणिक योग्यता रखने वाले अभ्यर्थियों को नियमानुसार बोनस अंक प्रदान किये जायेंगे।

आवेदन के सम्बंध में विस्तृत जानकारी विभागीय वेबसाइट www.tourism.rajasthan.gov.in और www.ihmjaipur.com पर दिये गये लिंक  www.rajguidetraining2022.in के माध्यम से प्राप्त की जा सकती है। हेल्पलाइन नंबर 9509158779, 9509068272 और ई-मेल  guideexamraj@gmail.com  पर संपर्क किया जा सकता है।

दूरदृष्टिन्यूज़ की एप्लिकेशन डाउनलोड करें – http://play.google.com/store/apps/details?id=com.digital.doordrishtinews

Related posts: