महिलाओं की स्थिति और सुदृढ़ करने की आवश्यकता-पांडेय
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला सशक्तिकरण परिसंवाद
जोधपुर, अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष में उत्तर-पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल पर मंगलवार को विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय सभागार में वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी रघुवीर सिंह चारण की अध्यक्षता में आयोजित महिला सशक्तिकरण कार्यशाला में मंडल रेल प्रबंधक गीतिका पांडेय ने महिला रेल कर्मचारियों से परिचर्चा एवं सीधा संवाद करते हुए कहा कि यह दिन महिलाओं को समर्पित है।
आज आर्थिक,सामाजिक, सांस्कृतिक,खेल व हर क्षेत्र में महिलाएं आगे बढ़कर उत्कृष्ट कार्य कर रही हैं तथा रेलवे में भी महिलाएं भयमुक्त वातावरण में काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं आत्मनिर्भर बन गई हैं, लेकिन कई बार उन्हें समाज में लैंगिक असमानता का व्यवहार झेलना पड़ता है। ऐसे में इस दिन महिलाओं के प्रति समाज में व्याप्त भेदभाव और असमानता को खत्म करने का संकल्प लेना चाहिए। प्रारंभ में रघुवीर सिंह चारण ने स्वागत किया।
इस अवसर पर जोधपुर मंडल पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला कर्मचारियों का सम्मान किया जिसमें सोनल पुरोहित,रचना,श्यामलता पारीक, मंजू कुमारी कटेवा, संगीता राखेचा, रेणू व रेखा प्रमुख थीं। कार्यक्रम का संचालन निर्मला विश्नोई ने किया।
दूरदृष्टिन्यूज़ की एप्लिकेशन डाउनलोड करें – http://play.google.com/store/apps/details?id=com.digital.doordrishtinews