Doordrishti News Logo

पश्चिमी राजस्थान कोहरे के आगोश में

जोधपुर, सूर्यनगरी में कुछ दिन सर्दी से राहत मिलने के बाद मंगलवार सुबह एक बार फिर ठंडी हवाओं का कहर शुरू हो गया। यहां आज सुबह पूरा जोधपुर शहर कोहरे की आगोश में रहा। शीतलहर चलने से लोगों की धूजणी छूट गई। कोहरे के कारण दोपहर में सूरज के दर्शन हो पाए। वातावरण में नमी से सर्दी का असर बढ़ गया। सर्दी व कोहरे की वजह से सुबह की सैर करने वाले लोगों की संख्या भी गिनी-चुनी रह गई। लोग देर तक रजाई में दुबके रहे। अलाव जलाकर सर्दी से बचने की जुगत की गई। कुछ दिन से जारी राहत के बाद मंगलवार को तेज हवा और कोहरे के साथ पलट कर लौटी सर्दी ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। सुबह पूरे पश्चिमी राजस्थान में घना कोहरा छाया रहा। उत्तर-पूर्व दिशा से आ रही ठंडी हवा से लोगों की धूजणी छूट गई। एक दिन में ही न्यूनतम तापमान 14.2 से गिरकर 9 डिग्री तक जा पहुंचा। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो-तीन दिन तक मौसम ऐसा ही बने रहने का अनुमान है। जोधपुर शहर में मौसम सोमवार शाम से बदलना शुरू हो गया था। तेज हवा के झोंके लोगों के तन को भेद रहे थे। हालांकि दिन का तापमान पांच डिग्री की गिरावट के साथ 25.3 डिग्री दर्ज किया गया। इस कारण माहौल में ठंडक कम ही थी। आज सुबह कोहरे ने पूरे पश्चिमी राजस्थान को अपने आगोश में ले लिया। सुबह जल्दी कोहरा थोड़ा कम था लेकिन दिन चढऩे के साथ यह और घना हो गया। साथ ही चल रही ठंडी हवा में लोगों की कंपकपी छूट गई। सुबह के समय लोगों के लिए बाहर निकलना मुश्किल हो गया। कोहरे के कारण दोपहर में सूर्यदेव के दर्शन हो पाए। इस बार पश्चिमी राजस्थान में मावठे की बारिश सही तरीके से नहीं हो पाई है लेकिन किसान कोहरे को देख कर ही खुश है। उनका मानना है कि कोहरे से फसलों को जीवनदान मिलेगा और उनमें ग्रोथ भी अच्छी व तेजी से होगी। तापमान की बात करें तो आज संभाग के सभी शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे चला गया। सबसे कम तापमान माउंट आबू में 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जोधपुर में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री तक गिर गया। इसके अलावा पाली, बाड़मेर और जैसलमेर सहित कई शहरों में न्यूनतम तापमान भी नीचे आया। आज सवेरे जैसलमेर का 6.9, बाड़मेर का 7.1 और पाली का 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Related posts: