Doordrishti News Logo

सोलर प्लांट में हिस्सेदारी के नाम पर धोखाधड़ी

फर्जी डॉक्यूमेंट और हस्ताक्षर से लाखों रुपए हड़पे

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),सोलर प्लांट में हिस्सेदारी के नाम पर धोखाधड़ी। शहर में पीएम कुसुम योजना के तहत मिले सोलर पावर प्लांट की कंपनी में हिस्सेदारी और निवेश की रकम हड़पने के आरोप में मुकदमा दर्ज हुआ है।

कोर्ट के आदेश पर उदय मंदिर पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है। जयपुर निवासी महिला परिवादी ने कंपनी के संचालकों और अन्य पर फर्जी डॉक्यूमेंट और फर्जी हस्ताक्षर के जरिए शेयर ट्रांसफर करने और लाखों रुपए हड़पने के गंभीर आरोप लगाए है। पुलिस के अनुसार जयपुर निवासी महिला ने अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट संख्या-06, जोधपुर महानगर के समक्ष परिवाद पेश किया था।

रिपोर्ट के मुताबिक,28 मार्च 2024 को गोरधन सिंह राजपुरोहित को पीएम कुसुम योजना के तहत 2.52 मेगावाट एसी क्षमता का सोलर पावर प्लांट आवंटित हुआ था, जिसके संचालन के लिए 20 जून 2024 को मैसर्स भासा एंड संस एनर्जी प्रा.लि.का गठन किया गया।
परिवादी के बताया कि उनके पति अप्रैल 2024 में केनरा बैंक के डिविजनल मैनेजर पद से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ले चुके थे। उनको कंपनी में ऋण परामर्शदाता के रूप में जोड़ा गया।

पूर्व विधायक संयम लोढ़ा की रेकी के 2 आरोपी गिरफ्तार

इसके बाद 21 नवंबर 2024 को केनरा बैंक से 7.05 करोड़ रुपए का ऋण स्वीकृत होने और अन्य व्यवस्थाओं के क्रम में कंपनी में 40 प्रतिशत हिस्सेदारी (1.60 लाख इक्विटी शेयर) के लिए निवेश व शेयर ट्रांसफर की प्रक्रिया हुई।

निवेश,लोन और शेयर हड़पने के आरोप
परिवादी महिला का दावा है कि उन्होंने शेयर पूंजी के रूप में 16 लाख रुपए निवेश किए और व्यक्तिगत खाते से 54.58 लाख रुपए उधार दिए। जिसमें से कुछ राशि लौटाई गई और शेष का चेक दिया गया। उनके पुत्र ने भी 21 मई 2025 को 30.60 लाख रुपए का असुरक्षित ऋण दिया, जिसके भुगतान के लिए दिया गया। चेक 17 जुलाई 2026 को बाउंस हो गया।

आरोप है कि 31 जुलाई 2025 की कथित बोर्ड बैठक और 1 अगस्त 2025 के शेयर ट्रांसफर फॉर्म के जरिए 30 प्रतिशत शेयर तेजाराम और 10 प्रतिशत शेयर गोरधन सिंह के नाम ट्रांसफर दिखा दिए गए, जबकि परिवादी ने ऐसे किसी दस्तावेज पर हस्ताक्षर नहीं किए और 1 अगस्त 2025 को वे जोधपुर में मौजूद भी नहीं थीं। परिवादी का आरोप है कि आरओसी को सूचना नहीं दी गई, वित्तीय लेखे व ऑडिट रिपोर्ट साझा नहीं की गई और धोखाधड़ी से मिली रकम का उपयोग पंजाब के लुधियाना में मिठाई की दुकान खोलने में किए जाने की बात भी कही गई है।

कोर्ट से प्राप्त इस्तगासे के आधार पर उदयमंदिर थाना पुलिस ने मामले में गोरधन सिंह राजपुरोहित, तेजाराम, श्रवण दास, सहित अन्य संबंधित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है।