50 लाख लूटने के बाद आरोपियों ने खरीदा था आईफोन

  • पुरानी लूट का भी खुला राज
  • वारदात के बाद परिचित के खेत मेंं रुके
  • पेट्रोल खत्म होने पर मंगवाई दूसरी गाड़ी

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),50 लाख लूटने के बाद आरोपियों ने खरीदा था आईफोन। चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े स्कूटी सवार को टक्कर मारकर 50 लाख रुपए से भरा बैग लूटने की सनसनीखेज वारदात का जोधपुर पुलिस ने 24 घंटे से भी कम समय में पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूट के 5 लाख रुपए नकद, वारदात में प्रयुक्त दो स्कॉर्पियो और रेकी में इस्तेमाल बाइक जब्त की है।

चौंकाने वाली बात यह है कि एक आरोपी ने लूट की रकम से नया आईफोन तक खरीद लिया था,जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है। यही नहीं,आरोपियों से हुई गहन पूछताछ में इसी पीडि़त के साथ पहले हुई 10 लाख रुपए की एक अन्य पुरानी लूट की गुत्थी भी सुलझ गई है।

आरोपी लूट के बाद पाली की तरफ भागे थे। इस दौरान रास्ते में एक परिचित के खेत में रुके थे। जहां पेट्रोल खत्म होने पर अपने परिचित के जरिए दूसरी गाड़ी भी मंगवाई थी। इसके बाद जैसे ही पता चला कि पुलिस उन्हें ट्रेस कर रही है। आरोपी अलग-अलग फरार हो गए।

पुलिस कमिश्नर अंशुमन भोमिया ने बताया कि 21 नवंबर की शाम करीब 4.22 बजे पीडि़त बाबू लाल शर्मा बैंक से 50 लाख रुपए नकद निकाल कर अपनी स्कूटी से जा रहे थे। इसी दौरान पहले से पीछा कर रहे नकाबपोश बदमाशों ने एक स्कॉर्पियो से उनकी स्कूटी को टक्कर मारी और 50 लाख रुपए से भरा बैग छीनकर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस ने घायल पीडि़त को अस्पताल में भर्ती करवाया और पूरे शहर में नाकाबंदी कर जांच शुरू की।

250 कैमरे खंगाले,150 लोगों से की पूछताछ
वारदात के वक्त पुलिस के पास कोई सीधा सुराग नहीं था,लेकिन कमिश्नर के निर्देशन में विशेष टीमें गठित की गईं। साइबर टीम,अभय कमांड सेंटर और टेक्निकल इंटेलिजेंस की मदद से पुलिस ने 250 से अधिक सीसी टीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और 150 से ज्यादा संदिग्धों से पूछताछ की। लगातार मॉनिटरिंग और ह्यूमन इंटेलिजेंस के समन्वय से पुलिस ने 24 घंटे के भीतर ही गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो मुख्य आरोपियों को दबोच लिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल एक सफेद और एक काली स्कॉर्पियो के साथ रेकी करने वाली मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।

एनडीपीएस के मामलों में फरार आरोपी गिरफ्तार

चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाना पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जिनमें से एक आरोपी की पहचान मानपुरा झालामंड केशेखर पुत्र भोमाराम निवासी तौर पर हुई। जबकि दूसरे आरोपी रावली पोल,पाली रोड विवेक विहार थाना जोधपुर निवासी शैतान सिंह पुत्र जगत सिंह को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों से सख्ती से पूछताछ और टावर डंप सहित अन्य टेक्निकल डेटा के विश्लेषण में एक और बड़ा खुलासा हुआ है।
इसी गिरोह के कुछ सदस्यों ने अन्य जिले के बदमाशों के साथ मिलकर कुछ समय पहले भी इसी पीडि़त से 10 लाख रुपए लूटे थे। उस वक्त पीडि़त ने वारदात के करीब 15 दिन बाद एफआईआर दर्ज करवाई थी,जिसके कारण जांच अटकी हुई थी। अब पुलिस दोनों मामलों में फरार चल रहे अन्य आरोपियों और बाकी बची लूट की रकम की बरामदगी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।