छह माह में 9.97 करोड़ यात्रियों ने की रेल यात्रा रेलवे को 2044 करोड़ रुपए की आय
- ट्रेनों में अतिरिक्त डिब्बे लगाए
- त्योहारों पर स्पेशल ट्रेनों का संचालन
- सितंबर में यात्री आय 25 फीसदी बढ़ी
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),छह माह में 9.97 करोड़ यात्रियों ने की रेल यात्रा रेलवे को 2044 करोड़ रुपए की आय। उत्तर पश्चिम रेलवे की रेल सेवाओं में यात्रियों की बढ़ती संख्या के साथ यात्री आय में भी इजाफा हुआ है। अप्रैल से सितंबर 2026 तक प्रथम छमाही में करीब 9.97 करोड़ यात्रियों ने रेल यात्रा की। यह संख्या पिछले वर्ष की समान अवधि के मुकाबले 6.22 प्रतिशत अधिक है।
इस दौरान यात्री परिवहन से रेलवे को करीब 2044 करोड़ रुपए की आय हुई, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में 1811 करोड़ रुपए की आय हुई थी। इस तरह यात्री आय में करीब 13 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
माहेश्वरी छात्रवृत्ति निधि की साधारण सभा में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का स्वागत
उत्तर पश्चिम रेलवे की ओर से यात्रियों की बढ़ती मांग और त्योहारों के दौरान अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए ट्रेनों की उपलब्धता बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। नियमित ट्रेनों में जरूरत के अनुसार अतिरिक्त डिब्बे लगाए जा रहे हैं।
त्योहारों और विशेष अवसरों पर स्पेशल ट्रेनों का संचालन कर यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध कराए जा रहे हैं। रेलवे के इन प्रयासों का उद्देश्य ट्रेनों में यात्रियों की बढ़ती संख्या के अनुरूप क्षमता उपलब्ध कराना और यात्रा को अधिक सुविधाजनक बनाना है।
सितंबर में 1.75 करोड़ यात्रियों ने किया सफर
सितंबर 2026 में उत्तर पश्चिम रेलवे की ट्रेनों से करीब 1.75 करोड़ यात्रियों ने यात्रा की। इस दौरान यात्री परिवहन से लगभग 396 करोड़ रुपए की आय प्राप्त हुई,जो पिछले वर्ष सितंबर की तुलना में 25 प्रतिशत अधिक है। एक माह में यात्री आय में हुई यह वृद्धि ट्रेनों से होने वाली कमाई में बढ़ोतरी को दर्शाती है।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार,यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए नई ट्रेनों का संचालन,ट्रेनों के फेरों में वृद्धि और यात्री सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। त्योहारों के दौरान अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए विशेष ट्रेन संचालित करने के साथ नियमित ट्रेनों में अतिरिक्त डिब्बे भी लगाए जा रहे हैं। रेलवे का प्रयास है कि यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और समयबद्ध यात्रा उपलब्ध कराई जा सके।
