समदड़ी स्टेशन पर 140 टन की बीडी क्रेन से एफओबी गर्डर की लॉन्चिंग

ऊपरी पैदल पुल निर्माण कार्य ने पकड़ी रफ्तार

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),समदड़ी स्टेशन पर 140 टन की बीडी क्रेन से एफओबी गर्डर की लॉन्चिंग। समदड़ी स्टेशन पर यात्रियों को जल्द ही प्लेटफॉर्म के बीच आवागमन के लिए सुरक्षित और सुविधा जनक फुट ओवरब्रिज की सुविधा मिलने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है।

इसके तहत रविवार को समदड़ी स्टेशन पर रेलवे की 140 टन क्षमता वाली बीडी क्रेन से एफओबी के भारी गर्डरों की लॉन्चिंग का कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया गया। निर्धारित स्थान पर गर्डरों की स्थापना के साथ एफओबी निर्माण के अहम चरण को पूरा कर लिया गया है।

जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि समदड़ी स्टेशन पर एफओबी का निर्माण यात्रियों की सुविधा और सुरक्षित आवागमन को ध्यान में रखते हुए किया जा रहा है। गर्डर लॉन्चिंग जैसे महत्वपूर्ण कार्य के दौरान इंजीनियरिंग सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने आपसी समन्वय से कार्य को अंजाम दिया। 140 टन क्षमता वाली बीडी क्रेन की मदद से गर्डरों को सावधानीपूर्वक उठाकर निर्धारित स्थान पर स्थापित किया गया।

जोधपुर मंडल में 4 दिन में हुए 3 बड़े इंजीनियरिंग कार्य

उन्होंने बताया कि जोधपुर मंडल में यात्री सुविधाओं से जुड़े आधारभूत ढांचे के कार्यों को प्राथमिकता के साथ गति दी जा रही है। एफओबी का निर्माण पूरा होने के बाद यात्रियों को एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाने के लिए अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक मार्ग उपलब्ध होगा। इससे प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की आवाजाही भी व्यवस्थित होगी।

समदड़ी जंक्शन स्टेशन जोधपुर मंडल के महत्वपूर्ण स्टेशनों में शामिल है। यहां यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए विभिन्न विकास कार्य किए जा रहे हैं। 140 टन की बीडी क्रेन से गर्डर लॉन्चिंग का कार्य पूरा होना एफओबी निर्माण की दिशा में बड़ी उपलब्धि है,जिससे अब निर्माण के अगले चरण को तेजी से आगे बढ़ाया जा सकेगा।