कार चालक को पिस्टल दिखाकर दहशत फैलाने वाले दो हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार
15 सितंबर की रात उम्मेद अस्पताल के सामने हुई थी घटना
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),कार चालक को पिस्टल दिखाकर दहशत फैलाने वाले दो हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार। शहर के उम्मेद अस्पताल गेट संख्या 5 के सामने 15 सितंबर की रात को कार चालक पर पिस्टल तानने के मामले में पुलिस ने दो हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया है।
आरोपी प्रतापनगर सदर थाने के हिस्ट्रीशीटर है और पहले से ही कई प्रकरण दर्ज हो रखे है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त बुलेट मोटर साइकिल और पिस्टल मैगजीन को बरामद किया है। दोनों को घटना के करीब 36 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया गया।
प्रतापनगर सदर थानाधिकारी सुंदर कला ने बताया कि 15 सितंबर की रात करीब 12.30 बजे मोहम्मद आतिफ ने प्रतापनगर सदर थाने में रिपोर्ट दी थी। रिपोर्ट में बताया कि वह उम्मेद अस्पताल के सामने दोस्तों के पास खड़ा था। तब बुलेट मोटरसाइकिल पर इरफान व आदिल आए और उसे धमकाते हुए पिस्टल निकाल कर तान दी। इसके बाद वह पास खड़ी अपनी दोस्त की क्रेटा कार में बैठकर वहां से भाग गया।
फरियादी ने जान का खतरा बताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी।
पुलिस ने बनाई विशेष टीमें
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए थाना स्तर और डीसीपी जोधपुर पश्चिम की विशेष टीमें गठित कीं। पुलिस टीमों ने सूचना तंत्र और मुखबिरों से जानकारी जुटाकर दोनों आरोपियों का पता लगाया और उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
दोनों आरोपी हिस्ट्रीशीटर
थानाधिकारी सुंदरकला ने बताया कि पुलिस के अनुसार आरोपी इरफान (28) के खिलाफ विभिन्न थानों में पहले से 12 प्रकरण दर्ज हैं,जबकि मोहम्मद आदिल (27) के खिलाफ 15 प्रकरण दर्ज हैं। दोनों प्रतापनगर सदर थाने के हिस्ट्रीशीटर हैं।
