मतदान का आंखों देखा हाल
- नगर निगम के चुनाव- 2026
- कांग्रेस भाजपा प्रत्याशी ने एक-दूसरे को लगाया गले
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),मतदान का आंखों देखा हाल। शास्त्री नगर स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय विशिष्ट पूर्व में वार्ड 40 से कांग्रेस के उम्मीदवार नरेश चंद्र जोशी और उनके सामने भाजपा के प्रत्याशी देवेंद्र सालेचा पहुंचे। इस दौरान दोनों एक दूसरे से गर्म जोशी से मिले और आपस में गले भी लगाया। दोनों ही कैंडिडेट अपनी अपनी पार्टी से मेयर पद के दावेदारों में शामिल हैं।
फर्जी मतदान को लेकर कई जगह शिकायतें फर्जी वोटर पकड़े
बुजुर्ग व दिव्यांगों ने निभाई लोकतंत्र के प्रति जिम्मेदारी
नगर निगम चुनाव में बुजुर्ग,दिव्यांग और बीमार मतदाताओं ने भी उत्साह के साथ मतदान कर लोकतंत्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई। उम्र और शारीरिक असमर्थता की परवाह किए बिना वरिष्ठ मतदाता मतदान केंद्रों तक पहुंचे और अपने मताधिकार का प्रयोग किया। खांडा फलसा आयुर्वेदिक अस्पताल में बनाए गए मतदान केंद्र पर 101 वर्षीय राजकौर चौहान ने मतदान किया।
इसी प्रकार मॉन्टेसरी चाइल्ड सेंटर सीनियर सेकंडरी स्कूल स्थित मतदान केंद्र पर भी वरिष्ठ मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।
चौपासनी हाउसिंग बोर्ड के सेक्टर 20 ई के एसेंट स्कूल में 97 वर्षीय बद्री विशाल हर्ष वॉकर से वोट देने पहुंचे। हाउसिंग बोर्ड के महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय में 74 वर्षीय घनश्याम ह्वील चेयर पर वोट देने आए। इसी प्रकार अंणदाराम स्कूल में 64 वर्षीय महिला को 67 वर्षीय पुरुष ह्वील चेयर पर वोट देने लाए। बुजुर्ग मतदाताओं का यह उत्साह अन्य मतदाताओं के लिए भी लोकतांत्रिक जागरूकता का प्रेरक उदाहरण बना।
बुजुर्ग,दिव्यांग और बीमार मतदाताओं को उनके परिजन मतदान केंद्र तक लेकर पहुंचे। विभिन्न प्रत्याशियों के समर्थकों ने भी ऐसे मतदाताओं को मतदान केंद्र तक पहुंचाने में सहयोग किया। मतदान केंद्रों पर वरिष्ठ और दिव्यांग मतदाताओं की भागीदारी ने लोकतंत्र के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाया।
नव मतदाताओं के चेहरे पर पहले मतदान की दिखी खुशी
नगर निकाय आम चुनाव-2026 में नव मतदाताओं ने पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतंत्र के महापर्व में सहभागिता निभाई। मतदान के बाद पहली बार वोट देने की खुशी नवमतदाताओं के चेहरों पर साफ नजर आई।
मॉन्टेसरी चाइल्ड सेंटर सीनियर सेकंडरी स्कूल स्थित मतदान केंद्र पर दिव्यांग नवमतदाता उदय कुमार ने पहली बार मतदान किया। उन्होंने उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग किया और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी निभाई।
वार्ड नंबर 56 की रहने वाली भाविका और हर्षिता ने भी पहली बार मतदान किया। वार्ड नंबर 6 में चांदनी चौहान और कोमल चौहान ने सूथला स्थित मतदान केंद्र पर पहुंचकर पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
