71.95 प्रतिशत मतदान के साथ मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण सम्पन्न

  • नगर निगम जोधपुर चुनाव-2026
  • 5 लाख 12 हजार 410 मतदाताओं ने किया मताधिकार का प्रयोग
  • सभी 100 वार्डों में शांतिपूर्ण रहा मतदान

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),71.95 प्रतिशत मतदान के साथ मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण सम्पन्न। नगर निकाय आम चुनाव- 2026 के तहत जोधपुर नगर निगम क्षेत्र में मतदान प्रक्रिया शुक्रवार को शांतिपूर्ण एवं सुचारू रूप से सम्पन्न हुई।

मतदान का आंखों देखा हाल

जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा जारी अंतिम आंकड़ों के अनुसार नगर निगम क्षेत्र में कुल 7 लाख 12 हजार 164 पंजीकृत मतदाताओं में से 5 लाख 12 हजार 410 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस प्रकार अंतिम मतदान प्रतिशत 71.95 प्रतिशत रहा।

प्रातः 7 बजे सभी 100 वार्डों में मतदान प्रारंभ हुआ। मतदान के दौरान विभिन्न मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं में उत्साह देखा गया। समयानुसार जारी आंकड़ों के अनुसार प्रातः 10 बजे तक 1 लाख 42 हजार 252 मतदाताओं ने मतदान किया, जो 19.97 प्रतिशत रहा।

दोपहर 1 बजे तक 3 लाख 9 हजार 848 मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया और मतदान प्रतिशत 43.51 रहा।दोपहर 3 बजे तक 4 लाख 1 हजार 822 मतदाताओं के मतदान के साथ मतदान प्रतिशत 56.42 रहा,जबकि सायं 6 बजे तक 5 लाख 6 हजार 340 मतदाताओं ने मतदान किया, जिसका प्रतिशत 71.10 रहा।
अंतिम आंकड़ों में कुल 5 लाख 12 हजार 410 मतदाताओं द्वारा मतदान किए जाने के साथ मतदान प्रतिशत 71.95 दर्ज किया गया।

जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार मतदान प्रक्रिया के दौरान जिले में कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य एवं नियंत्रण में रही तथा सभी मतदान केन्द्रों पर मतदान कार्य निर्धारित व्यवस्थाओं एवं प्रोटोकॉल के अनुरूप शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ।