नगरपालिका चुनाव से पहले जोधपुर ग्रामीण पुलिस का रूट मार्च
शांतिपूर्ण और भयमुक्त मतदान का दिया संदेश
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),जिले में आगामी नगर पालिका चुनाव को लेकर जोधपुर ग्रामीण पुलिस ने भोपालगढ़,बिलाड़ा, पीपाड़ शहर और बालेसर नगरपालिका क्षेत्रों में पैदल एवं वाहन से रूट मार्च निकाला। पुलिस ने क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने का संदेश दिया।
जिला पुलिस अधीक्षक पंकज यादव के निर्देशन में अधिकारियों और पुलिस जवानों ने विभिन्न इलाकों में रूट मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने आमजन से शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण में मतदान करने की अपील की।
भोपालगढ़ में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामेश्वरलाल मेघवाल के सुपरविजन में रूट मार्च निकाला गया। वहीं बिलाड़ा, पीपाड़ शहर और बालेसर में भी पुलिस एवं आरएसी जवानों ने विभिन्न क्षेत्रों में मार्च किया।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि नगरपालिका चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। रूट मार्च के माध्यम से पुलिस ने आमजन में विश्वास और अपराधियों में भय का संदेश दिया।
